Hyderabad Fire: हैदराबाद के बहुमंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से 6 लोगों की मौत, कई लोगों को खिड़की से बचाया गया

Hyderabad Fire: दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। जबकि बचाव और राहत अभियान फिलहाल जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस उपायुक्त वेंकटेश्वरलू ने मीडियाकर्मियों को बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ऊपरी मंजिलों पर धुएं के कारण दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई

अपडेटेड Nov 13, 2023 पर 1:28 PM
Story continues below Advertisement
Hyderabad Fire: कई लोगों को खिड़की से निकालकर बचाया गया

Hyderabad Fire: हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में सोमवार को एक बहुमंजिला अपार्टमेंट परिसर में भीषण आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आग इमारत के ग्राउंड में लगी जहां रसायनों से भरे कुछ ड्रम रखे थे। फायर सर्विस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि इमारत से अब तक 21 लोगों को बाहर निकाला गया है। उन्होंने बताया कि 10 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से छह लोगों की मौत हो गई। कई लोगों को खिड़की से निकालकर बचाया गया।

अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर कहा कि संभवत: उनकी मौत दम घुटने की वजह से हुई होगी। पुलिस ने बताया कि दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। पांच मंजिला इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर एक मैकेनिकल दुकान और केमिकल गोदाम था। शुरुआती जांच से पता चला है कि केमिकल गोदाम में शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिससे आग लगी।

आग के बीच साहसी बचाव अभियान में एक बच्चे और एक महिला को इमारत से बाहर निकलते देखा गया। आग कार गैरेज के ग्राउंड फ्लोर में लगी और ऊपरी मंजिल तक फैल गई, जिससे लोग फंस गए। यह घटना नामपल्ली के बाजार घाट इलाके में सोमवार सुबह करीब 9.35 बजे छह मंजिला इमारत में हुई।


दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। जबकि बचाव और राहत अभियान फिलहाल जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस उपायुक्त वेंकटेश्वरलू ने मीडियाकर्मियों को बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ऊपरी मंजिलों पर धुएं के कारण दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि आग एक कार से शुरू हुई जिसकी मरम्मत ग्राउंड फ्लोर पर गैरेज में चल रही थी। अधिकारी ने कहा, "कुछ ही सेकंड के भीतर, आग ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर रहने वाले कुछ परिवार फंस गए।" स्थानीय निवासियों ने कहा कि गैराज में कुछ केमिकल्स के चलते आग तेजी से फैली।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री KCR ने अग्निकांड में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सभी राहत उपाय करने का आदेश दिया है। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने घटना स्थल का दौरा किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।