राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हरजोत कौर भामरा (Harjot Kaur Bhamra) से सस्ते सेनेटरी नैपकिन के बारे में पूछने वाली एक छात्रा पर उनकी अनुचित और बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस बीच, वीडियो वायरल होने के बाद हरजोत कौर ने मांफी भी मांग ली है। बिहार महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक कौर ने गुरुवार को सार्वजनिक माफी जारी की।
अपने माफीनामे में IAS अधिकारी ने कहा कि अगर मेरे शब्दों से किसी लड़की की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करती हूं। कौर ने कहा कि मेरा इरादा किसी को अपमानित करने या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
मीडिया में आई खबरों के अनुसार, जब बिहार की छात्रा ने पूछा कि सरकार सेनेटरी पैड क्यों नहीं दे सकती, तो आईएएस अधिकारी हरजोत कौर भामरा ने जवाब दिया, “कल, आप परिवार नियोजन की आयु प्राप्त कर लेंगी और आप उम्मीद करेंगी कि सरकार ‘निरोध’ (कंडोम) भी प्रदान करे।”
महिला आयोग के मुताबिक, उसने पाया है कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे शख्स का ऐसा असंवेदनशील रवैया निंदनीय और बेहद शर्मनाक था। महिला आयोग ने एक बयान में कहा कि NCW ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। अध्यक्ष रेखा शर्मा ने आईएएस हरजोत कौर भामरा को पत्र लिखकर उनकी अनुचित और बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए स्पष्टीकरण मांगा है।
आईएएस अधिकारी द्वारा माफी मांगे जाने से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि हरजोत कौर ने ऐसा कुछ बोल दिया है जिससे महिलाओं, छात्राओं को बुरा लगा है। मैंने मामले की पूरी जानकारी ली है। अगर कुछ भी गलत होगा तो कार्रवाई की जाएगी। मामले पर हमारी नजर है।
अधिकारी से सवाल पूछने वाली रिया कुमारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मेरा सवाल (सैनिटरी पैड पर) गलत नहीं था। वे कोई बड़ी चीज नहीं हैं, मैं खरीद सकता हूं लेकिन कई झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं और उन्हें वहन नहीं कर सकते। इसलिए, मैंने सिर्फ अपने लिए ही नहीं बल्कि सभी लड़कियों के लिए सवाल पूछे। हम वहां अपनी चिंता रखने के लिए गए थे, लड़ने के लिए नहीं।