देश भर में रिटेल स्टोर चलाने वाली कंपनी DMart के CEO इग्नाटियस नविल नोरोन्हा बेहद अमीर हैं। उनकी कुल संपत्ति एक अरब डॉलर से भी अधिक है। वे देश के सबसे अमीर प्रोफेशनल मैनेजर्स में से एक हैं। DMart चलाने वाली कंपनी Avenue Supermart के मालिक और दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी ने नोरोन्हा को कंपनी में CEO की जिम्मेदारी दी हुई है। साल 2021 में एवेन्यू सुपरमार्ट्स के स्टॉक में 113 फीसदी की शानदार तेजी देखी गई, जिसके बाद नोरोन्हा के नेटवर्थ में एक अरब डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई।
दिलचस्प बात यह है कि बेहद अमीर होने के बावजूद नोरोन्हा लाइमलाइट से दूर रहते हैं और उन्हें इंडस्ट्री में एक हंबल CEO के रूप में जाना जाता हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, नोरोन्हा का ऑफिस भी बेहद सामान्य है, जो आमतौर पर CEO द्वारा लिए जाने वाले ऑफिस के आकार का केवल एक चौथाई है।
बता दें कि अक्टूबर 2021 में नोरोन्हा अरबपति CEO के क्लब में शामिल हुए थे। BSE पर कंपनी के स्टॉक ने इंट्राडे में 5,899 रुपये का नया रिकॉर्ड लेवल छू लिया था, जिसके चलते उन्हें यह उपलब्धि मिली थी। इस समय नोरोन्हा की संपत्ति 7,744 करोड़ रुपये को पार कर गई थी।
हिंदुस्तान यूनिलीवर में भी कर चुके हैं काम
डीमार्ट में शामिल होने से पहले नोरोन्हा दिग्गज FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर में मार्केट रिसर्च और मॉडर्न ट्रेड के क्षेत्रों में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रहे थे। एवेन्यू सुपरमार्ट्स डीमार्ट रिटेल स्टोर चलाती है। नोरोन्हा की एवेन्यू सुपरमार्केट्स में करीब 2 फीसदी हिस्सेदारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोरोन्हा ने वित्त वर्ष 2021-22 में 4.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की सैलरी हासिल की। नोरोन्हा ने साल 2004 में DMart के CEO की जिम्मेदारी संभाली थी।
नोरोन्हा ने पिछले साल मुंबई में 70 करोड़ रुपये का घर खरीदा था, जिसकी खूब चर्चा हुई थी। उन्होंने बांद्रा ईस्ट में अपने लिए 10 कार पार्किंग की जगह के साथ दो यूनिट बुक कराई थी। इस प्रॉपर्टी का पूरा एरिया 9,552 वर्ग फुट है। कथित तौर पर, उन्होंने इसके लिए 66 करोड़ रुपये और 3.30 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया। इस प्रॉपर्टी को CEO और उनकी पत्नी काजल नोरोन्हा ने संयुक्त रूप से खरीदा है। यह प्रॉपर्टी अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट रुस्तमजी सीजन्स में है।
बिजनेस हब के करीब मौजूद यह प्रॉपर्टी डील रियल एस्टेट के बड़े सौदों में एक है। रिपोर्ट में Zapkey पर मौजूद रजिस्ट्रेशन डॉक्युमेंट्स का जिक्र करते हुए कहा गया है कि दोनों यूनिट्स का कुल रेरा कारपेट एरिया 8,640 वर्ग फुट है, वहीं डेक और टेरेस एरिया 912 वर्ग फुट है। इस तरह इसका पूरा एरिया 9,552 वर्ग फुट हो जाता है।