Credit Cards

पाकिस्तानी पीएम इमरान खान के दो दिवसीय यात्रा पर मॉस्को पहुंचने के तुरंत बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने किया यूक्रेन पर हमले का ऐलान

रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के आदेश पर रूस की सेना ने यूक्रेन पर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है, रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव में मिसाइलें बरसा रही है

अपडेटेड Feb 24, 2022 पर 12:12 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान के किसी प्रधानमंत्री की पिछले 23 साल में रूस की यह पहली यात्रा है

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार देर रात रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे। यह एक अजीब संयोग है कि इमरान खान के पहुंचने के एक दिन बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने गुरुवार को यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र में 'सैन्य अभियान' (Military operation) की घोषणा कर दी। पुतिन ने यूक्रेन में 'सैन्य अभियान' की घोषणा करते हुए यूक्रेन की सेना से हथियार डालने का आह्वान किया।

राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के आदेश पर रूस की सेना ने यूक्रेन पर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। पुतिन की घोषणा के तुरंत बाद यूक्रेन की राजधानी कीव और कई अन्य शहरों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। यूक्रेन के ओडेसा और खारकीव शहर में धमाके की आवाजें सुनाई दीं। रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव में लगातार मिसाइलें बरसा रही है।

रूस की सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के हवाई अड्डों और अन्य सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया है। आबादी वाले क्षेत्रों को टारगेट नहीं किया है। रूस के सैन्य हमले शुरू करने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ने देश में 'मार्शल लॉ' की घोषणा की और नागरिकों से नहीं घबराने का आग्रह किया।


क्या गलत समय पर पहुंचे पाकिस्तानी पीएम?

पाकिस्तान के किसी प्रधानमंत्री की पिछले 23 साल में रूस की यह पहली यात्रा है। जानकारों का कहना है कि इमरान खान बहुत ही गलत समय पर रूसी यात्रा पर गए हैं। खान ऐसे समय में रूस की यात्रा पर गए हैं, जब यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध शुरू हो चुका है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का अपनी यात्रा के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने और आर्थिक सहयोग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने का भी कार्यक्रम है।

इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि मॉस्को और इस्लामाबाद इस साल रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यात्रा की योजना को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं। एक पाकिस्तानी अखबार ने कहा कि पुतिन की यात्रा पिछले दो वर्षों से चर्चा में थी, लेकिन कई कारणों से अमल में नहीं आ सकी, जिसमें COVID-19 महामारी भी शामिल है।

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine Conflict: रूसी हमले शुरू होने के बाद बीच रास्ते से ही वापस भारत लौट रहा एयर इंडिया का विमान, भारतीयों को लेने यूक्रेन जा रही थी फ्लाइट

पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के 1999 में मॉस्को की यात्रा करने के 23 साल बाद, इमरान खान रूस की यात्रा करने वाले पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री हैं। हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ, आसिफ अली जरदारी और पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने रूस का दौरा किया था, लेकिन उनमें से किसी ने आधिकारिक यात्रा नहीं की थी।

इमरान खान के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी रूस गया है, जिसमें उनके मंत्रिमंडल सहयोगी शामिल हैं। विदेश कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री खान और पुतिन के बीच द्विपक्षीय शिखर वार्ता दौरे का अहम बिंदु है। खान ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव के लिए शांतिपूर्ण समाधान की उम्मीद जताई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।