Pakistan PM Imran Khan : पाकिस्तान की सत्ता हाथ से निकलती देखकर प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने एक सनसनीखेज दावा किया है। तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के वरिष्ठ नेता फैजल वावदा ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में दावा किया कि इमरान खान की जान खतरे में है। उन्होंने कहा कि उनकी हत्या की साजिश रची जा चुकी है।
इमरान को बुलेटप्रूफ शील्ड इस्तेमाल करने की सलाह
एआरवाई न्यूज के “ऑफ द रिकॉर्ड” कार्यक्रम में फैजल वावदा ने कहा कि पीएम को जनता को संबोधित करते समय बुलेटप्रूफ शील्ड इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, क्योंकि उनकी हत्या की साजिश रची गई है। हालांकि पीएम ने कहा है कि वह तभी इस दुनिया से विदा होंगे, जब अल्लाह चाहेगा।
पाकिस्तान में राजनीतिक उथलपुथल के बीच इमरान खान (Imran Khan) का रुख साफ करते हुए कहा कि पीएम बहादुर हैं और किसी के सामने देश का सिर नहीं झुकने देंगे।
अब किसी भी जंग का हिस्सा नहीं बनेगा पाकिस्तान
विदेश नीति पर इमरान खान का रुख साफ करते हुए पीटीआई के नेता ने कहा कि अब पाकिस्तान किसी भी जंग का हिस्सा नहीं बनेगा। वावदा ने कहा, हमारे पड़ोसी देशों पर हमले के लिए देश के एयरबेस किसी को नहीं दिए जाएंगे।
उधर, इस्लामाबाद के सिंध हाउस में हुए विपक्षी गठबंधन के सेशन में आमिर लियाकत हुसैन सहित पीटीआई के 22 बड़े नेताओं ने भाग लिया।
विदेश से रची जा रही साजिश
इमरान खान ने बुधवार को कहा कि वह वरिष्ठ पत्रकारों और पार्टी के सदस्यों के साथ विदेशी पैसे से रची गई साजिश से जुड़ा एक लेटर साझा करेंगे। उन्होंने इस्लामाबाद में ई-पासपोर्ट सर्विस के लॉन्च के दौरान कहा, “लेटर में उन लोगों के बारे में बताया जाएगा कि जो विदेश में बैठकर देश के खिलाफ साजिश रच रहा है।” उन्होंने कहा, लेटर से पता चलेगा कि सरकार के खिलाफ कितनी बड़ी साजिश रची गई है और यह बहुत बड़ी साजिश है।
161 वोट के समर्थन के साथ नेशनल असेंबली में इमरान खान की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। इसकी प्रोसीडिंग 31 मार्च तक के लिए टाल दी गई थी। विपक्षी दल 8 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। विपक्ष को इमरान सरकार के गिरने का पूरा भरोसा है, क्योंकि पीटीआई के कुछ सहयोगी खुलकर इमरान खान के खिलाफ आ गए हैं।