Independence Day 2023: दिल्ली पुलिस (Delhi Traffic Police) ने 13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की ड्रेस रिहर्सल के लिए ट्रैफिक को सही से मैनेज करने के लिए दिल्ली वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। अंतिम ट्राफिक एडवाइजरी के मुताबिक दिल्ली के आठ रास्ते सुबह 4 बजे से 11 बजे तक 7 घंटे से भी ज्यादा वक्त के लिए बंद रहेंगे। एडवाइजरी में उन सड़कों का नाम दिया गया है जहां बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
दिल्ली पुलिस ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, रविवार सुबह 4 बजे से 11 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एस.पी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और इसका लिंक रोड आम जनता के लिए बंद रहेगा। इनके अलावा, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड और आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड भी रिहर्सल घंटों के दौरान बंद रहेंगे। शांति वन की ओर पुराना लोहे का पुल और गीता कॉलोनी पुल भी बंद रहेगा।
इंटरस्टेट बसों को भी नहीं मिलेगी परमीशन
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि इसके अलावा महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच इंटरस्टेट बसों को भी परमीशन नहीं मिलेगी। लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली मेन रेलवे स्टेशन पर खत्म होने वाली बसों के मार्गों को कम या डायवर्ट किया जाएगा। जिन वाहनों पर रिहर्सल के लिए पार्किंग लेबल नहीं है, वे सी-हेक्सागोन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए प्वाइंट तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग से बच सकते हैं।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते
यातायात सलाह के अनुसार, उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली और इसके उल्टी तरफ यात्रा करने वाले यात्रियों को अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग और रानी झाँसी के वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा। इसके अलावा वाहन NH-24, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड - एम्स फ्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, पृथ्वीराज रोड और सफदरजंग रोड आदि के वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। 12 अगस्त की आधी रात से लेकर 13 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन और वजीराबाद पुलों के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के पास रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों और अस्पतालों के लिए वैकल्पिक रास्ते खुले रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के लिए दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग वर्जित
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शनिवार को घोषणा करते हुए बताया कि मेट्रो ट्रेन सेवाएं 15 अगस्त - स्वतंत्रता दिवस समारोह पर सुबह 5 बजे शुरू होंगी। सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवाएं सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 5 बजे से शुरू होंगी। सुबह छह बजे तक सभी लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी। डीएमआरसी ने कहा कि मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं बंद रहेंगी।