देशभर में इस बार भारत 15 अगस्त 2024 के दिन अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। देशभर में आजादी का जश्न पूरे देश में धूम-धाम से मनाया जाता है। भारत को आधिकारिक रूप से 15 अगस्त 1947 के दिन आजादी मिली थी। हर साल देश के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। इसके बाद देश के नागरिकों को संबोधित करते हैं। इस दिन को देशभक्ति के जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और अन्य स्थानों पर ध्वजारोहण समारोहों के साथ मनाया जाता है। आइये जानते हैं कि इस साल (2024) आजादी के जश्न की थीम क्या है
स्वतंत्रता दिवस तिथि और थीम
15 अगस्त 1947 के दिन ही भारत को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी। 78वां स्वतंत्रता दिवस गुरुवार 15 अगस्त को मनाया जाएगा। इस साल की थीम 'विकसित भारत' (Viksit Bharat) रखी गई है। यह साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र में बदलने के सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है। 2047 में भारत की आजादी के 100 साल पूरे होंगे। भारत सरकार का लक्ष्य भी आजादी के 100 साल पूरे होने तक देश को विकसित राष्ट्र बनाना है।
स्वतंत्रता दिवस का इतिहास
15 अगस्त, 1947 को भले ही देश आजाद हुआ। लेकिन इस आजादी के लिए हमारे कई स्वतंत्रता सेनानियों की अपने प्राणों की आहुति भी दी। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अंतिम चरण में स्थानीय जनता का दबाव बढ़ने लगा। भारत में ब्रिटिश शासन के ताबूत में आखिरी कील 1946 के रॉयल इंडियन नेवी विद्रोह के रूप में लगी। इसी के बाद अंग्रेजों को पता लग गया कि वे स्थानीय सशस्त्र बलों पर नियंत्रण खो रहे हैं। हालात बदल चुके थे ऐसे में ब्रिटिश संसद ने भारत को सत्ता हस्तांतरित करने का आदेश जारी कर दिया। 4 जुलाई, 1947 को ब्रिटिश संसद में भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम पेश किया गया। इसके बाद 18 जुलाई, 1947 को शाही संस्तुति मिलने पर यह विधेयक अधिनियम बना। इस अधिनियम में भारत-पाकिस्तान का विभाजन, रियासतों को दोनों में से किए एक देश के साथ रहने के अधिकार सहित कई प्रावधान थे।
पीएम मोदी ने की तिरंगा फहराने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त के मौके पर हर घर तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान को जारी रखने की बात कही है। हर साल भारत के प्रधानमंत्री लाल किले पर झंडा फहराते हैं और भाषण देते हैं। 15 अगस्त वाले दिन पूरे भारत में राष्ट्रीय अवकाश होने के साथ जगह-जगह झंडा फहराया जाता है।