रंग बिरंगे कपड़े, हाथों में डांडिया और ढेर सारा डांस गरबा की धूम ही अलग है। इस त्योहार के सीजन नवरात्रि का मतलब ही है मां की श्रद्धा में झूमना। हर एक बढ़ते दिन के साथ नवरात्रि के लिए लोगों का प्यार भी बढ़ता ही जा रहा है। इस नौ दिवसीय त्योहार में मां दुर्गा की पूजा की जाती है। जो बुराई के ऊपर अच्छाई की जीत का प्रतीक हैं। ऐसे में नवरात्रि के छठे दिन मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थित सेंट्रल जेल में कैदियों के लिए डांडिया का आयोजन किया गया।
जेल प्रशासन की तारीफ कर रहे लोग
जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए एनर्जी से भरपूर गाने और गरबा का आयोजन किया गया। ताकि कैदियों के व्यवहार में बदलाव लाया जा सके। इस नई पहल की वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई है। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स इस नई शुरुआत के लिए काफी खुश हुए और जमकर जेल प्रशासन की सोच की तारीफ की।
गुजरात का अहम त्योहार है डांडिया
डांडिया गुजरात का एक लोकनृत्य है। इस डांस को ढोल की बीट पर परफॉर्म किया जाता है। लोग इस त्योहार के दौरान रंग-बिरंगे कपड़े पहनते हैं और जमकर पूरे परिवार के साथ सेलिब्रेट करते हैं। बता दें कि जेल में कैदियों को असल दुनिया से अलग-थलग रखा जाता है। ऐसे में समाज में एक अच्छे नागरिक के तौर पर उनकी वापसी के लिए कई ऐसे प्रोग्राम चलाए जाते हैं। कुछ जेलों में ओपन जेल जैसे भी कॉनसेप्ट भी हैं। जहां कुछ कैदी जेल से बाहर जाकर काम कर सकते हैं।