Instagram स्टार Kili Paul को तंजानिया में भारतीय उच्चायोग ने किया सम्मानित

बॉलीवुड के सुपरहिट गानों पर जुदा अंदाज में लिप-सिंक कर भाई-बहन किली और नीमा पॉल सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हो चुके हैं

अपडेटेड Feb 22, 2022 पर 5:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पॉल इंस्टाग्राम पर खासे लोकप्रिय हो गए हैं और इस सोशल मीडिया मंच पर उनके करीब 22 लाख फैंस हैं

भारतीय गीतों के बोल गुनगुनाते हुए लिप-सिंकिंग वीडियो बनाने के लिए मशहूर तंजानिया के सोशल मीडिया स्टार किली पॉल (Kili Paul) को तंजानिया में भारतीय उच्चायोग ने सम्मानित किया है। बता दें कि बॉलीवुड के सुपरहिट गानों पर जुदा अंदाज में लिप-सिंकिंग कर भाई-बहन किली और नीमा पॉल (Kili Paul and Neena Paul) इंस्टाग्राम पर काफी पॉपुलर हो चुके हैं।

तंजानिया में भारतीय उच्चायुक्त बिनाया प्रधान (Binaya Pradhan) ने सोमवार को ट्विटर पर किली पॉल के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए यह जानकारी दी। तस्वीर में प्रधान भारतीय दूतावास कार्यालय में पॉल को सम्मानित करते नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine Crisis: रूस-यूक्रेन विवाद को अकेले 6 भाषाओं में कवर कर रहा ये रिपोर्टर, 55 लाख से अधिक बार देखा गया वीडियो


बिनाया प्रधान ने ट्वीट किया, ‘‘आज, तंजानिया भारतीय उच्चायोग में एक खास मेहमान किली पॉल आए...जिन्होंने भारतीय फिल्मों के मशहूर गीतों पर अपने वीडियो से लाखों भारतीयों के दिल जीत लिए हैं...।’’

पॉल ने भी सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर भारतीय उच्चायोग का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय उच्चायोग, आपका बहुत-बहुत शुक्रिया।’’ तंजानिया में रहने वाले किली पॉल अब भारतीय लोगों के दिलों में अपनी जगह बना चुके हैं।

फिल्म ‘शेरशाह’ के गीत ‘रातां लंबिया’ के बोल गुनगुनाते हुए पॉल का एक वीडियो पिछले साल सुर्खियों में था। इस वीडियो में वह अपनी बहन नीना पॉल के साथ नजर आए। उसके बाद से ही पॉल इंस्टाग्राम पर खासे लोकप्रिय हो गए और इस सोशल मीडिया मंच पर उनके करीब 22 लाख फैंस हैं।

बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना, गुल पनाग और ऋचा चड्ढा सहित कई लोकप्रिय भारतीय फिल्मी हस्तियों का नाम उनके प्रशंसकों की सूची में शुमार है। इंस्टाग्राम पर किली पॉल और उनकी बहन नीमा पॉल अक्सर बॉलीवुड गानों पर लिप-सिंक करते हुए वीडियो शेयर करते रहते हैं। भाई-बहन की इस जोड़ी ने अपने अलग अंदाज की वजह से लोगों का दिल जीत लिया।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।