International Women's Day 2024: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस नजदीक है। हर साल 8 मार्च को यह सेलिब्रेट किया जाता है। विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्रेम प्रकट करते हुए, उनके अधिकारों को लेकर जागरुकता फैलाने और महिलाओं के साथ भेदभाव रोकने के मकसद से इस दिन को सेलिब्रेट किया जाता है। महिला दिवस के मौके पर कई तरह के ऑफर, कार्यक्रम और कैंपेन होते हैं। वुमन्स डे को सेलिब्रेट करने, महिलाओं की हर तरह की भूमिका के महत्व को लोगों तक पहुंचाने में ब्रांड्स भी पीछे नहीं हैं। कई ब्रांड्स अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कैंपेन लेकर आते हैं, जिनमें से कई बहुत ही क्रिएटिव और दिल छू लेने वाले होते हैं। इस रिपोर्ट में हम नजर डालेंगे, ऐसे ही कुछ कैंपेन्स पर....
मैनकाइंड फार्मा के गर्भावस्था का पता लगाने वाले किट के ब्रांड प्रेगा न्यूज ने साल 2022 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक कैंपेन #SheCanCarryBoth लॉन्च किया था। इस कैंपेन के साथ रिलीज की गई एड फिल्म में दर्शाया गया था कि कैसे एक महिला थोड़ी सी भी हिचकिचाहट का अनुभव किए बिना कई भूमिकाएं निभा सकती है। इस कैंपेन के साथ प्रेगा न्यूज का उद्देश्य महिलाओं के इस डर को दूर करना था कि बच्चा होने से उनके करियर पर पूर्ण विराम लग सकता है। यह कैंपेन महिलाओं की इस ताकत को दर्शाता है कि वे एक साथ कितनी ही अलग-अलग भूमिकाएं निभाने में सक्षम होती हैं। वीडियो फिल्म में अलग-अलग व्यक्तित्व की महिलाओं को, उनकी असुरक्षाओं को बड़ी ही खूबसूरती से दर्शाया गया था।
ब्यूटी और पर्सनल केयर ब्रांड प्लम ने एक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर #PlumGoodnessStories कैंपेन लॉन्च किया था। इसके तहत ब्रांड ने उन महिलाओं को सलाम किया था, जो अपने काम के माध्यम से दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने की कोशिश करती हैं। प्लम का यह कैंपेन इस विचार से उपजा कि अच्छाई की कोई शेप, साइज या भावना नहीं होती।
अपैरल ब्रांड BIBA साल 2022 के अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर #ManyShadesOneMe नामक कैंपेन लाया था। यह कैंपेन एक महिला के अपने जीवन में निभाए जाने वाले अलग-अलग रोल्स को सेलिब्रेट करने और उनके सम्मान में था। एक महिला की भूमिका एक बेटी, बहन, पत्नी, मां की होने के साथ-साथ एक गुरु, मार्गदर्शक, दोस्त, फिलोसॉफर, केयरटेकर आदि की भी होती है। बीबा 2022 में महिलाओं के लिए इंग्लिश स्पीकिंग, इंस्टाग्राम मार्केटिंग, फेसबुक मार्केटिंग, फोटोग्राफी, संगीत, फोटोशॉप, आदि जैसे कोर्सेज में ट्रेनिंग के मौके भी लेकर आया था।
बुजुर्गों के लिए ऑनलाइन कम्युनिटी एवरग्रीन क्लब एक बार #LadyActYourAge कैंपेन लेकर आया था। इसमें उम्र से जुड़ी उस रूढ़िवादिता को उजागर किया गया था, जिसका सामना बुजुर्ग महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में करती हैं। जैसे कि उन्हें उम्र बढ़ने के साथ कैसा दिखना चाहिए, रहना चाहिए, कैसे बात करनी चाहिए और व्यवहार करना चाहिए। यह कैंपेन लिंग और उम्र से संबंधित रूढ़िवादिता को दूर करने और बुजुर्ग महिलाओं को अपनी पसंद विकसित करने और अपने हिसाब से रहने की आजादी के बारे में समाज को जागरुक करने की एक कोशिश था।