आगे- आगे दो भैसें, पीछे कॉलेज के दर्जनों छात्र और भोंपू से पों-पों की आवाज। भैंसों के साथ छात्रों का यह जत्था जैसे ही कॉलेज के गेट पर पहुंचा, लोगों की भीड़ लग गई। एक भैंस के गले में जयप्रकाश यूनिवर्सिटी के कुलपति की तस्वीर थी, तो दूसरे में परीक्षा नियंत्रक की। ये छात्र जयप्रकाश यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों के प्रदर्शन का यह अंदाज देख लोगों की हंसी छूटने लगी।
दरअसल जयप्रकाश विश्वविद्यालय की ओर से दो दिन पहले ग्रेजुएट सेशन- 2022-25 के फर्स्ट ईयर का रिजल्ट जारी किया। जारी रिजल्ट में भारी संख्या में छात्र प्रमोटेड या फेल हो गए। इसके बाद छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और शोध विद्यार्थी संगठन ने कॉलेज में जमकर बवाल काटा। छात्र संगठनों का या आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा।
पहले जूता पॉलिश कर जताया था विरोध
इससे पहले बुधवार को शोध विद्यार्थी संगठन के छात्राओं ने महेंद्र महिला कॉलेज के गेट पर बैठकर लोगों के जूते पॉलिश कर यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया था। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय जैसे छात्रों का कैरियर बिगाड़ रही है, तो आखिर में जूते ही पॉलिश करने पड़ेंगे।
छात्रों ने कुलपति पर लगाए कई आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं का कहना था कि कुलपति प्रोफेसर प्रमेंद्र कुमार वाजपेयी और परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक मिश्रा की जगह पर दोनों भैंसों को लाया गया है और उनके आगे बीन बजाई जा रही है।
छात्र नेता अबुल हसन सोनू ने कहा कि ग्रेजुएशन में 90 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को फेल और प्रमोटेड कर दिया गया है। वहीं बीएड कॉलेज से पैसा वसूली कर पूरी चोरी कराई जा रही है। विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है।
उन्होंने कहा कि जब से कुलपति आए हैं, तब से छात्रों को झूठा दिलासा दे रहे हैं कि जल्द सब ठीक हो जाएगा। PG सेकंड सेमेस्टर और थर्ड सेमेस्टर के परीक्षा हुए छह महीने हो गऐ, ग्रेजुएशन फर्स्ट समेस्टर के चार महीने हो गए, लेकिन अभी तक रिजल्ट जारी नहीं हुआ।
जानबूझ कर फेल करने का लगाया आरोप
छात्रों ने कहा कि पिछले कई सत्रों से जानबूझ कर छात्रों को फेल किया जा रहा हैं, ताकि छात्र दोबारा फॉर्म भरें और छात्रों से पैसा वसूला जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलपति के कार्यकाल में भ्रष्टाचारियों की टोली बैठकर अलग-अलग तरीके की योजना बनाती है कि कैसे इस यूनिवर्सिटी को लूट लिया जाए। हजारों डिग्रियां सिग्नेचर का राह देख रही हैं। छात्रों ने कहा कि जल्द रिजल्ट में सुधार नहीं हुआ, तो कुलपति और परीक्षा कंट्रोलर के सामने भी बीन बजाएंगे।