सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें विमानन कंपनी इंडिगो (Indigo) की एक क्रू मेंबर और एक यात्री के बीच बहस हो रही है। इस वीडियो में एक यात्री से क्रू मेंबर एयरहोस्टेस की कहा-सुनी हो रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और अधिकतर लोग क्रू मेंबर के सपोर्ट में हैं। अब एक और विमानन कंपनी जेट एयरवेज (Jet Airways) के सीईओ संजीव कपूर भी उसके सपोर्ट में आ गए हैं। संजीव का कहना है कि विमान कंपनी के क्रू मेंबर भी इंसान हैं। विमान नियामक संस्था DGCA ने ऐलान किया है कि वह इस मामले में कार्रवाई करेगी।
16 दिसंबर को इंडिगो की एक फ्लाईट दिल्ली से इंस्ताबुल जा रही थी। उड़ान के दौरान एक यात्री से एयर होस्टेस की कहा-सुनी हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि एयर होस्टेस यात्री पर चिल्ला रही है, ''मैं चिल्ला रही हूं, क्योंकि आप हम पर चिल्ला रहे हैं। मेरी क्रू आपकी वजह से रो रही है।" यह विवाद उड़ान के दौरान खाने को लेकर शुरू हुआ था।
Jet Airways के सीईओ आए सपोर्ट में
जेट एयरवेज के सीईओ संजीव कपूर ने ट्वीट किया है कि विमान कंपनी के क्रू भी इंसान होते हैं। कोई भी प्रोफेशनल शख्स जब इस तरह व्यवहार करता है तो इससे पहले वह बहुत सह चुका होता है यानी कि एक सीमा के बाद ही वह अपना आपा खोता है। संजीव का कहना है कि उन्होंने कई मामले में ऐसे देखे हैं जिसमें क्रू को थप्पड़ मारा गया है और उनके साथ उड़ान के दौरान गाली-गलौज भी हुई है। उन्हें नौकर बोला गया है और इससे भी बुरा बोल दिया जाता है। अब इंडिगो के हालिया विवाद के मामले में क्रू मेंबर के साथ जो हुआ है, उस पर जेट एयरवेज के सीईओ ने उम्मीद जताई है कि ढेर सारे दबावों के बावजूद वह ठीक होगी।
संजीव ने कुछ साल पहले की एक घटना का एक जिक्र किया है जिसमें एक यात्री ने 19 साल के एक क्रू को सिर्फ इस बात पर थप्पड़ मार दिया कि उसकी पसंद का खाना फ्लाइट में नहीं था। संजीव के मुताबिक वह उससे उसी दिन मिले लेकिन उस एयरहोस्टेस को समझाया नहीं जा सका और उसने कहा कि वह इसके लिए नौकरी नहीं कर रही है। इसके बाद उस एयरहोस्टेस ने उसी दिन काम छोड़ दिया। संजीव का कहना है कि शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है।