अमेरिकी प्रेसिडेंट जो बाइडेन (Joe Biden) G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत की यात्रा करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 7 से 10 सितंबर के बीच भारत का दौरा करेंगे। सुलिवन ने कहा कि बिडेन भारत में रहते हुए कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। हालांकि उन्होंने इस बारे ज्यादा जानकारी नहीं दी। बता दें कि साल 2026 में अमेरिका के द्वारा जी20 की मेजबानी की जाएगी। जो बाइडेन पहली बार भारत की यात्रा पर आ रहे हैं।
दिल्ली में रहेगा पब्लिक हॉलीडे
सुलिवन ने कहा कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस सितंबर में इंडोनेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन में अलग से भाग लेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन में बिडेन विकास बैंकों के आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर 8-10 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
दिल्ली में बंद रहेंगे ये संस्थान
सीएम के द्वारा पास किए गए प्रस्ताव के मुताबिक नई दिल्ली पुलिस जिले के अधिकार क्षेत्र में स्थित बैंकों और वित्तीय संस्थानों सहित सभी कॉमर्शियल और व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी 8 से 10 सिंतबर तक बंद रहेंगे। 18 अगस्त को, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त मधुप तिवारी ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सुझाव दिया कि सरकार 8-10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान सार्वजनिक अवकाश घोषित करे और नई दिल्ली क्षेत्र में स्थित अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्देश जारी करे।
जी 20 शिखर सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित हालिया बने स्टेट ऑफ आर्ट कंवेंशन कॉप्लेक्स में 9 और 10 सितंबर को होगा। सरकार ने इस सम्मेलन को लेकर काफी तैयारियां भी कर रखी हैं। भारत एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य की प्रेरणा के साथ अपनी अध्यक्षता में इस बैठक का आयोजन करने जा रहा है। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक भारत 1 दिसंबर 2023 को G20 देशों की अधिकारिक अध्यक्षता इंडोनेशिया से लेगा। इस समूह में 19 देश और यूरोपियन यूनियन शामिल है।