केरल (Kerala) की एक कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी को उसके बॉस ने मर्सिडीज बेंज (Mercedes-Benz) कार गिफ्ट में दी है। सीआर अनीश (CR Anish) पिछले 22 सालों से बिजनेसमैन एके शाजी (AK Shaji) के लिए काम कर रहे हैं। एके शाजी ने उनकी इस लंबी सेवा और वफादारी के बदले उन्हें मर्सिडीज-बेंज GLA क्लास 220 डी (Mercedes-Benz GLA Class 220 d) गिफ्ट में दी है। इस कार की कीमत करीब 45 लाख रुपये है। सीआर अनीश ने बताया यह उनके जीवन का अब तक का सबसे बड़ा सरप्राइज है।
बिजनेसमैन एके शाजी, 'MyG' नाम के एक डिजिटल रिटेल स्टोर के मालिक है और अनीश उनकी कंपनी में चीफ बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर के रूप में काम करते हैं।
एके शाजी ने अनीश और उनके परिवार को ब्लैक कलर की लग्जरी एसयूवी गिफ्ट करते समय की एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की है। इस वीडियो में वह कहते हुए सुनाई देत हैं, "डियर एनी.. पिछले 22 सालों से, आप मेरे लिए एक मजबूत स्तंभ के रूप में हैं। उम्मीद करता हूं कि आप इस गिफ्ट को पसंद करेंगे।"
शाजी आगे कहते हैं, "हम पार्टनर्स है, वह सिर्फ एक कर्मचारी भर ही नहीं है। मैं बहुत खुश हूं। यह गर्व का पल है। एनी पिछले 22 सालों से मेरे साथ हैं। आइए उम्मीद करते हैं हम इस साल अपने और पार्टनर्स को भी इसी तरह कार गिफ्ट कर सकें।" शाजी ने यह संबोधन MyG के कर्मचारियों और उनके परिवार के लिए रखी एक पार्टी में कहा और अनीश को कार गिफ्ट करने का सरप्राइज दिया।
अनीश 'MyG' कंपनी की स्थापना से काफी पहले से शाजी के साथ जुड़े हुए है और वह उनके बिजनेस में मार्केटिंग, मेंटीनेंस और यूनिट डेवलपमेंट्स सहित कई भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अनीश उत्तरी केरल के कोझीकोड जिले में रहते हैं।
यह पहली बार नहीं है जब शाजी ने अपने कर्मचारियों को उनकी सेवा और वफादारी के लिए गिफ्ट दिया है। दो साल पहले भी शाजी ने अपने छह कर्मचारियों को एक-एक कार गिफ्ट की थी। अनीश ने इस मौके दूसरे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, "यह सब आप सभी के समर्थन के कारण है। मुझे उम्मीद है कि आप भविष्य में भी मेरे साथ रहेंगे।"
देखिए एके शाजी की इंस्टाग्राम पोस्ट-