Kerala Killings: 'महिला के शव के 56 टुकड़े किए, दीवारों पर बिखरा खून...', रूह कंपा देगी केरल में मानव बलि की दर्दनाक कहानी

केरल के एर्नाकुलम जिले की दो महिलाओं को एक कपल ने फुसलाकर जादू टोने से अमीर बनने की हवस में बलि देने के लिए मार डाला गया। महिलाओं की अपहरण के बाद कथित रूप से बलि चढ़ा दी गई थी

अपडेटेड Oct 12, 2022 पर 6:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आरोपियों ने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने और समृद्धि प्राप्त करने के लिए कथित तौर पर महिलाओं की बलि दी थी (फोटो- NDTV)

Kerala Killings: केरल में दो महिलाओं की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हत्याकांड में बलि देने की बात सामने आने के बाद सभी लोग हैरान हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, केरल के पथनमथिट्टा जिले के एलनथूर गांव में काला जादू के चलते दो महिलाओं की अपहरण के बाद कथित रूप से बलि चढ़ा दी गई। इस मामले में एक कपल समेत तीन आरोपियों ने आर्थिक समृद्धि लाने के लिए यह अपराध किया।

पुलिस ने बताया कि जिन महिलाओं की हत्या की गई, वे सड़क पर लॉटरी टिकट बेच कर अपनी आजीविका चलाती थीं। आरोपियों ने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने और समृद्धि प्राप्त करने के लिए कथित तौर पर उनकी बलि दे दी। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, मृतक महिलाओं की पहचान 49 वर्षीय रोजली और 52 वर्षीय पद्मम के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से लापता थीं।

ये भी पढ़ें- दिवाली पर होगा Har Har Mahadev, Ram Setu और Thank God का क्लैश, जानें बॉक्स ऑफिस पर कौन मारेगा बाजी


मानव बलि देने के इरादे से महिलाओं की हत्या के मामले के तीनों आरोपियों को बुधवार सुबह अदालत में पेश किया गया। एर्नाकुलम सत्र अदालत ने तीनों आरोपियों को 26 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले में आरोपी भागवल सिंह, उसकी पत्नी लैला और मोहम्मद शफी के बयान मंगलवार को दर्ज किए गए थे।

पुलिस का बयान

केरल 'मानव बलि' मामले पर कोच्चि शहर के पुलिस कमिश्नर सी.एच. नागराजू ने कहा कि जब हमने मुख्य आरोपी शफी से पूछताछ की तो हमें पहले कुछ नहीं मिला। वैज्ञानिक जांच हमें पथानामथिट्टा तक ले गई। हमें जांच के दौरान पता चला कि शफी मुख्य साजिशकर्ता और विकृत व्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या मुख्य आरोपी शफी ने कोई यौन शोषण किया है। इस मानव बलि अनुष्ठान मामले के अलावा विभिन्न अपराधों के तहत शफी के खिलाफ 8 मामले दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी शफी ने वित्तीय कठिनाइयों वाले लोगों को खोजने के लिए फेसबुक का इस्तेमाल किया। उसने भगवल सिंह और लैला को पाया, जो मानव बलि में रुचि रखते थे। शफी ने अपनी पत्नी के फोन में फेसबुक चलाया था लेकिन वह नहीं जानती थी।

शव के 56 टूकड़े किए

पुलिस को संदेह है कि आरोपी दंपति ने उन महिलाओं का मांस भी खाया है। NDTV ने पुलिस के हवाले से बताया कि पीड़‍ित रोजली और पद्मम का गला घोंटने से पहले बांधा गया और टॉर्चर किया गया। पुलिस ने बताया कि महिलाओं के स्‍तन काट दिए गए और खून बहने दिया गया। इसके बाद एक महिला के शव के 56 टुकड़े किए गए।

काले जादू की रस्म के तहत दीवारों और फर्श पर खून के छींटे पड़े हुए थे। तीन गड्ढों से शरीर के अंग बरामद हुए हैं। पुलिस ने कहा कि आर्थिक परेशानियों को खत्‍म करने के लिए यह मानव बलि दी गई। पुलिस ने बताया कि रोजली जून और पद्मम सितंबर माह में लापता हुई थी।

BJP का केरल सरकार पर हमला

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कथित मानव बलि के मामले की बुधवार को निंदा की और राज्य की माकपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं।

जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि राज्य के पथनमथिट्टा जिले में सामने आया मामला केवल महिला विरोधी नही है, बल्कि इसके कई पहलू हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का एक कार्यकर्ता और एक कट्टरपंथी कार्यकर्ता घटना में शामिल है। बीजेपी की केरल इकाई के प्रभारी जावड़ेकर ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार चुप है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।