मध्य प्रदेश ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंदौर में एक दिन में लगाए गए 11 लाख से अधिक पौधे

Planting in MP: मध्य प्रदेश के इंदौर में पौधारोपण का रिकॉर्ड बना है। इंदौर शहर में 12 घंटे में 11 लाख से अधिक पौधे रोपे गए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को इसका अवार्ड दिया। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव मौजूद रहे

अपडेटेड Jul 15, 2024 पर 11:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Planting in MP: मध्य प्रदेश के इंदौर में पौधारोपण का रिकॉर्ड बना है

Planting in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार (14 जुलाई) को एक दिन में सबसे अधिक पौधे लगाने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। देश की सबसे स्वच्छ शहर के तौर पर पहचाने जाने वाली मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर ने पौधरोपण के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इंदौर ने 24 घंटे में सबसे ज्यादा पौधा लगाने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। इंदौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। इस अभियान के तहत रविवार को एक दिन में 11 लाख पौधे रोपे गए।

जी हां, इंदौर जिले में रविवार को एक कार्यक्रम में 11 लाख से अधिक पौधे लगाए गए, जिसके बाद राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव को गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम से प्रमाण पत्र मिला। कार्यक्रम के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मोहन यादव ने कहा कि भारत का सबसे स्वच्छ शहर और मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर ने अब एक दिन में 11 लाख से अधिक पौधे लगाने का विश्व रिकॉर्ड हासिल कर लिया है।

पूरे दिन इंदौर के लोगों ने पौधरोपण किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने भी BSF के रेवती रेंज में पौधरोपण किया। रविवार की शाम होते-होते इंदौर ने नया कीर्तिमान स्थापित करने में सफलता पाई। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मेयर पुष्यमित्र भार्गव को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।


इंदौर के बीएसएफ रेवती रेंज में शंख ध्वनि के साथ पौधे रोपने का सिलसिला शुरू हुआ था। यहां रविवार को 11 लाख पौधे रोपकर एक नए कीर्तिमान को स्थापित करने की तैयारी कई दिनों से जारी थी। साल 2023 में असम में जन भागीदारी से 9 लाख 26 हजार पौधे रोपकर एक कीर्तिमान बनाया था। इंदौर ने अब इस कीर्तिमान को तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। 50 हजार से ज्यादा लोग इस अभियान को सफल बनाने में लगे रहे।

ये भी पढ़ें- Wimbledon final: 21 साल के कार्लोस अल्काराज फिर बने विंबलडन चैंपियन, लगातार दूसरे साल फाइनल में जोकोविच को हराया

खुशी से झूम उठे कैलाश विजयवर्गीय

मध्य प्रदेश के इंदौर में पौधारोपण का रिकॉर्ड बनने की खुशी में मध्य प्रदेश कैबिनेट के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय डीजे पर देशभक्ति गानों की धुन पर थिरकते नजर आए। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के दौरान मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव 'मां तुझे सलाम' के गाने पर जमकर थिरके। उनका गाने पर डांस करने का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। यहां पर अभी भी पेड़ लगाने का अभियान जारी है, रविवार को 60 लाख पेड़ लगाए जा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।