Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में भीड़ बेकाबू हो गई जिसमें कई महिलाओं के दबे होने की खबर है। भगदड़ के बाद कई महिलाएं और बुजुर्ग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इस कथा को सुनने करीब एक लाख से अधिक लोग मेरठ पहुंचे थे। शुक्रवार (20 दिसंबर) को शिव महापुराण कथा का छठा और शनिवार 21 दिसंबर आखिरी दिन है। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हादसे की खबर सामने आई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी कंट्रोल में है।
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, कई महिलाएं और बुजुर्ग घायल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का शुक्रवार को छठा दिन था। बताया जा रहा है कि एक श्रद्धालु और अन्य लोगों को रोकने की कोशिश कर रहे बाउंसर के बीच हाथापाई के बाद भगदड़ मच गई। धार्मिक आयोजन में रोजाना एक लाख से ज्यादा लोग आते हैं।
खबरों के मुताबिक, कथा सुनने आए महिलाओं और बुजुर्गों को बाउंसर्स ने रोक दिया। इसके बाद भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते कथा में भगदड़ शुरू हो गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। कथा का आयोजन मेरठ के शताब्दीनगर में हो रहा है।
आईजी मेरठ के मुताबिक, "कथा में जाते समय एक महिला गिर गई थी। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कथा लगातार जारी है। किसी तरह की भगदड़ जैसी स्थिति नहीं है।" इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी कम से कम आठ महिलाएं घायल बताई जा रही हैं।
इंडिया टुडे ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि भीड़ अधिक होने की वजह से भगदड़ मचा। इसके बाद महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। एंट्री गेट पर अव्यवस्था की वजह से हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस पहले से ही कथा में तैनात थी। बाद में कई थानों की पुलिस टीम को बुलाया गया है। भगदड़ में कितने लोग घायल हैं, इसकी कोई सटिक जानकारी अबतक नहीं आई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
रोजाना दोपहर 1 बजे कथावाचक प्रदीप मिक्षा की कथा शुरू होती है। रिपोर्ट के मुताबिक कथा सुनने रोजाना करीब 1 लाख लोग पहुंचते हैं। वहीं, शाम तक यह संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुंच जाती है। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एंट्री गेट पर खड़ी भीड़ पंडाल के अंदर घुसने के लिए जद्दोजहद करती है। इसी दौरान अचानक महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। भगदड़ के बाद वहां मौजूद लोग नीचे गिरी हुई महिलाओं को उठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।