रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) शनिवार को केरल के गुरुवायूर श्री कृष्ण मंदिर (Guruvayur Shri Krishna Temple) में भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना करने पहुंचे। उन्होंने पूजा के दौरान मंदिर को 1.51 करोड़ रुपये का दान दिया। मुकेश अंबानी के साथ उनके छोटे बेटे अनंत अंबानी की मंगेतर राधिका मर्चेंट भी थीं।
65 वर्षीय मुकेश अंबानी ने मंदिर में भगवान कृष्ण से प्रार्थना की और मंदिर के हाथियों- चेंतामारक्षन और बलरामन को प्रसाद चढ़ाया। उन्होंने अपने परिवार के साथ मंदिर के सोपानम (आंतरिक गर्भगृह) में घी भी चढ़ाया।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि उन्होंने 1.51 करोड़ रुपये का दान दिया, जो किसी भी भक्त की तरफ से अब तक मंदिर को दी गई सबसे सबसे बड़ी राशि है।
गुरुवयूर देवस्वम के अध्यक्ष डॉ वी के विजयन ने बताया, "गुरुवयूर मंदिर जाने के बाद, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कनिका (भेंट) के रूप में एक चेक भेंट किया।" उन्होंने आगे कहा, “जब मैंने खोला तो वह 1 करोड़ 51 लाख रुपये का चेक था। यह किसी भी भक्त की तरफ से गुरुवायूर मंदिर को दी जाने वाली सबसे अधिक राशि है।"
डॉ. विजयन ने बताया, "उन्होंने इच्छा जताई कि इसका इस्तेमाल में मंदिर में अन्नदानम (भक्तों के लिए भोजन) के काम में किया जाए।" बता दें कि गुरुवायूर मंदिर, केरल के त्रिसूर जिले में स्थित है।