मिहिर शाह ने दोस्तों के साथ पी थी व्हिस्की के 12 लार्ज पैग! फिर महिला पर चढ़ा दी कार, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Mumbai BMW Hit-and-run Case: मुंबई की एक अदालत ने बुधवार 10 जुलाई को बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस बीच, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने उसके पिता राजेश शाह को पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया है

अपडेटेड Jul 11, 2024 पर 11:13 AM
Story continues below Advertisement
Mumbai BMW Hit-And-Run Case: मिहिर ने अपनी लग्जरी BMW कार से एक कपल को कुचल दिया था, जिसमें महिला की मौत हो गई

Mumbai BMW Hit-and-run Case: मुंबई हिट-एंड-रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह और उसके दो दोस्तों ने उस दिन व्हिस्की के 12 बड़े पैग पिए थे, जिस दिन उसने वर्ली इलाके में एक महिला को टक्कर मारने के बाद उसे BMW से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा था। शिवसेना नेता के बेटे ने पुलिस को बता दिया है कि दुर्घटना के समय वही कार चला रहा था, जिसमें 45 वर्षीय कावेरी नखवा की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। मुंबई की एक अदालत ने बुधवार को बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस बीच, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने उसके पिता राजेश शाह को पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया।

टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, आबकारी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि मिहिर और उसके दो दोस्तों ने दुर्घटना से पहले जिस बार में शराब पीने गए थे, वहां उन्होंने व्हिस्की के 12 बड़े पैग पिए थे। सभी ने 4-4 बड़े पैग लिए। उन्होंने कहा कि भुगतान गए बिल से पता चलता है कि 24 वर्षीय मिहिर और उसके दोस्तों ने 12 पैग पिए थे, जो किसी व्यक्ति को आठ घंटे तक नशे में रख सकते हैं।

बार पर BMC का एक्शन


बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने मुंबई के उस बार में किए गए अनधिकृत निर्माण कार्यों को ढहा दिया, जहां बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले का मुख्य आरोपी कथित तौर पर दुर्घटना को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले गया था। रविवार 9 जुलाई की सुबह दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उस पर पीछे बैठी कावेरी नखवा (45) की मौत हो गई, जबकि उनके पति प्रदीप घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि कार मुख्य आरोपी मिहिर शाह चला रहा था। मिहिर को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।

मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। बीएमसी ने जुहू स्थित वाइस-ग्लोबल तापस बार में यह कार्रवाई की और 3,500 वर्ग फुट के अवैध निर्माण को गिरा दिया। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि के-वेस्ट वार्ड कार्यालय की टीम आज सुबह वाइस-ग्लोबल तापस बार पहुंची और उसके अंदर किए गए अनधिकृत निर्माण और बदलावों को ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने बताया कि ग्राउंड पर लगभग 1,500 वर्ग फुट अतिरिक्त जगह लोहे की शेड लगाने के लिए बिना अनुमति के बना ली गई थी। जबकि फर्स्ट फ्लोर पर कुछ क्षेत्र पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। राज्य आबकारी विभाग ने पहले ही बार को सील कर दिया था। मिहिर शाह और उसके दोस्त शनिवार रात को बार में गए थे। इसके कुछ घंटे बाद ही यह दुर्घटना हुई थी।

ये भी पढ़ें- Mihir Shah: कौन है मिहिर शाह? शिवसेना नेता के बेटे पर मुंबई में BMW कार से महिला को रौंदने का आरोप

आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने पहले कहा था कि बार मैनेजर ने मिहिर को शराब परोसी थी। न्यूनतम 25 साल की उम्र में शराब सेवन की अनुमति के प्रावधान वाले महाराष्ट्र के कानून का उल्लंघन किया था। मिहिर 24 साल का होने वाला है। मिहिर शाह को मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (सिवरी अदालत) एस पी भोसले के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे 16 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।