मुंबई से पुणे जाने की अगर आप तैयारी कर रहे हैं तो फौरन अलर्ट हो जाएं। यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पनवेल का रूट 11 फरवरी से 6 महीने के लिए बंद कर दिया जाएगा। राज्य सरकार ने एक नोटिस के जरिए इस बात की जानकारी दी है। सरकार के इस फैसले से कई छोटे-बड़े वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। सरकार की ओर से कहा गया है कि (महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) की ओर से कलंबोली जंक्शन पर कुछ सुधार किया जाएगा। इसके तहत एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा अंडरपास निर्माण काम भी किया जाएगा। ऐसे में इस रूट को कुछ महीने के लिए बंद किया जा रहा है।
पनवेल रूट बंद होने पर ट्रैफिक पुलिस ने नई गाइडलाइंस जारी कर दी है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत नवी मुंबई के पुलिस उपायुक्त (यातायात) तिरुपति काकड़े की ओर से एक आदेश जारी किया गया है। जिसमें यात्रियों से वैकल्पिक रूट पर विचार करने के लिए कहा गया है। ताकि लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े। डीसीपी काकड़े ने कहा कि एक बार प्रोजेक्ट पूरा हो जाने के बाद कलंबोली सर्कल पर लोगों को जाम से छुटकारा मिल जाएगा।
पुणे जाने के लिए ये हैं वैकल्पिक रास्ते
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से पनवेल, गोवा और जेएनपीटी की ओर जाने वाले वाहनों को कोनफटा में पलासपे सर्कल के रास्ते एनएच-48 पर जाना होगा। इससे आगे गंतव्य की ओर जा सकते हैं। वहीं पुणे से मुंबई आने वाले और तलोजा, कल्याण और शिलफाटा जाने वाले वाहन चालक रोडपाली और एनएच-48 के जरिए यात्रा कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालकों को बताए गए रूट पर ही जाना होगा। वाहन चालकों को रास्ते की जानकारी के लिए साइनबोर्ड लगाए गए हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी तैनात किए गए हैँ। निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में यात्रियों को हमेशा जानकारी मिलती रहेगी।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का विस्तार
वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर विस्तार परियोजनाएं चल रही हैं। इसमें अतिरिक्त लेन और बाईपास सड़कों का निर्माण काम जैसी तमाम चीजें शामिल है। कलंबोली सर्किल पर बन रहा नया फ्लाईओवर और अंडरपास प्रोजेक्ट भी इसका हिस्सा है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला 6-लेन है। इसकी लंबाई 94.5 किमी है। इस एक्सप्रेसवे को आम आदमी के लिए खोल दिया गया है। इससे पुराने हाइवे पर भीड़ का दबाव कम हो गया है।