VIDEO: क्यों दिल्ली को सबसे 'अनुशासनहीन' शहर मानते हैं नारायण मूर्ति? बोले- 'यहां आने में असहज महसूस करता हूं...'

सॉफ्टवेयर की दिग्गज कंपनी इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आना उन्हें सुविधाजनक नहीं लगता, क्योंकि यह एक ऐसा शहर है जहां पर अनुशासनहीनता सबसे ज्यादा है। दिल्ली में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का उदाहरण देते हुए ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के ससुर नारायण मूर्ति ने यह बयान दिया

अपडेटेड Feb 23, 2023 पर 2:11 PM
Narayana Murthy ने छात्रों से कहा कि जब भी संभव हो उद्यमी बनें और अधिक रोजगार सृजित करें

सॉफ्टवेयर की दिग्गज कंपनी इंफोसिस (Infosys co-founder) के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति (Narayana Murthy) ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आना उन्हें सुविधाजनक नहीं लगता, क्योंकि यह एक ऐसा शहर है जहां पर अनुशासनहीनता सबसे ज्यादा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन (violation of traffic rules in Delhi) का उदाहरण देते हुए ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के ससुर नारायण मूर्ति ने यह बयान दिया।

नारायण मूर्ति ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि मैं कल एयरपोर्ट आ रहा था। रेड लाइट पर इतनी सारी कारें, बाइक और स्कूटर बिना कोई परवाह किए ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन कर रहे थे। मूर्ति ने आगे कहा कि हम आगे बढ़ने के लिए अगर एक या दो मिनट का इंतजार तक नहीं कर सकते तो बताईए क्या ये लोग पैसा सामने होने पर रुकेंगे? बिलकुल नहीं...

इस दौरान उन्होंने कॉरपोरेट जगत में सही मूल्यों के विकास पर भी जोर दिया। इंफोसिस के संस्थापक ने ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (AIMA) के स्थापना दिवस पर कहा कि जनता को सामुदायिक संपत्ति का उपयोग प्राइवेट संपत्ति से भी बेहतर ढंग से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा कर सार्वजनिक शासन में झूठ और फरेब से बचा जा सकेगा।


मूर्ति ने कॉर्पोरेट जगत में सही मूल्य के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपने बच्चों को इन चीजों को छोटे क्षेत्रों में प्रदर्शित करना सिखाना शुरू करना चाहिए, उन सेक्टर में जहां छोटे रिटर्न हैं, सही रास्ते पर चलने की आदत डालने के लिए। फिर आप धीरे-धीरे प्रलोभन का विरोध करने की दिशा में सुधार करेंगे, जहां बड़े रिटर्न हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज में बदलाव लाने की मानसिकता विकसित करनी चाहिए। जनता, समाज और राष्ट्र के हित को अपने व्यक्तिगत हित से ऊपर रखना सीखना चाहिए। मूर्ति ने छात्रों से यह भी कहा कि जब भी संभव हो उद्यमी बनें और अधिक रोजगार सृजित करें। उन्होंने कहा कि यह गरीबी को दूर करने और कम विशेषाधिकार प्राप्त लोगों की मदद करने का एकमात्र समाधान है।

ये भी पढ़ें- Pawan Khera: कांग्रेस का दावा- पवन खेड़ा को असम पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।