National Pet Day: फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी (Swiggy) ने नेशल पेट डे पर 'पॉ-टर्निटी पॉलिसी' (Paw-ternity Policy) पेश की है। इस पॉलिसी का उद्देश्य उन कर्मचारियों की मदद करना है, जिनके यहां पेट्स यानि पालतू जानवर हैं। स्विगी के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर गिरीश मेनन ने एक बयान में कहा, "स्विगी में हम लगातार एक ऐसा वर्कप्लेस कल्चर बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो हमारे कर्मचारियों को उनके जीवन के हर पहलू में वैल्यू करे और उन्हें सपोर्ट दे। स्विगी पॉ-टर्निटी पॉलिसी की शुरुआत के साथ, हम पालतू जानवरों के पालन-पोषण की अनूठी जिम्मेदारियों को मान्यता और सम्मान देकर इनक्लूसिविटी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बढ़ा रहे हैं।"
11 अप्रैल को पेश की गई नई स्विगी पॉ-टर्निटी पॉलिसी के तहत, फुल टाइम एंप्लॉयीज को कई प्रमुख प्रावधानों से लाभ होने वाला है। जैसे कि...
1. न्यू पेट/अडॉप्शन लीव: नए पालतू जानवर को अपने घर में लाने वाले कर्मचारियों को उनके लिए निर्धारित पूरे साल की छुट्टियों के अलावा एक अतिरिक्त पेड लीव मिलेगी। इस छुट्टी का उद्देश्य पालतू जानवरों के माता-पिता को अपने नए साथियों को उनके घरों में बसने में मदद करने के लिए जरूरी समय देना है। इस अवधि के दौरान, कर्मचारी अपने नए पेट्स को कंफर्ट और मदद मुहैया कराने के लिए घर से काम करना भी चुन सकते हैं।
2. सिक लीव: स्विगी पॉ-टर्निटी पॉलिसी, पेट्स के रुटीन वैक्सिनेशन के लिए या बीमार या घायल पेट्स को डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कर्मचारी को कैजुअल या सिक लीव का इस्तेमाल करने की इजाजत देती है।
3. शोक अवकाश: किसी पालतू जानवर को अलविदा कहना एक गहरा भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण अनुभव हो सकता है। स्विगी अब अपने पालतू जानवर को खोने का गम झेल रहे कर्मचारियों को शोक अवकाश देगी।
Swiggy पॉ-टर्निटी पॉलिसी, साल 2020 में शुरू की गई कंपनी की जेंडर-न्यूट्रल पेरेंटल पॉलिसी द्वारा रखी गई नींव पर बेस्ड है। जेंडर-न्यूट्रल पेरेंटल पॉलिसी, प्राइमरी और सेकंडरी केयरगिवर्स को पेड लीव, बॉन्डिंग लीव्स और परिवार से संबंधित विभिन्न परिस्थितियों के लिए छुट्टी प्रदान करती है। जैसे कि गोद लेना, सरोगेसी, गर्भपात, और IVF ट्रीटमेंट।