VIDEO: 'काहे नाराज हैं सर...?' मीडिया ने पूछा सवाल तो नीतीश कुमार ने किया 'दण्डवत प्रणाम', बिहार सीएम ने जोड़ लिए हाथ

Nitish Kumar Video: सीएम झुककर मीडिया कर्मियों का अभिवादन करने लगे और उनके सामने एक तरह से नतमस्तक हो गए। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। जब उनके सुरक्षाकर्मी कैमरे के आगे आ गए तो उन्हें बगल हटाकर नीतीश कुमार पत्रकारों के आगे झुककर सांकेतिक तौर पर आरती दिखाते हुए नजर आए

अपडेटेड Nov 14, 2023 पर 4:34 PM
Story continues below Advertisement
Nitish Kumar VIDEO: ऐसी खबर है कि सीएम नीतीश कुमार ने पत्रकारों से दूरी बना ली हैं

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) इन दिनों आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। पहले बिहार विधानसभा में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी और फिर पूर्व सीएम जीतन राम मांझी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर उन्हें विपक्ष घेर रहा है। इस बीच, नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नीतीश कुमार से जब पत्रकारों ने सवाल पूछा कि सर आप क्यों नाराज हैं तो जवाब देने की जगह मुख्यमंत्री झुककर उन्हें 'दण्डवत प्रणाम करने लगे। इतना ही नहीं इस दौरान कुमार सांकेतिक तौर पर मीडियाकर्मियों की आरती उतारते भी नजर आए।

दरअसल, ऐसी खबर है कि सीएम नीतीश कुमार ने पत्रकारों से दूरी बना ली हैं। नीतीश कुमार के कार्यक्रमों में मीडिया की एंट्री पर बैन की खबरों के बीच सीएम का ताजा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह मीडिया के सामने हाथ जोड़कर 'दण्डवत प्रणाम' करते हुए नजर आ रहे हैं।

सीएम देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान जब नीतीश कुमार से पत्रकारों ने पूछा, 'काहे (क्यों) नाराज हैं सर...? हम लोगों से इतनी दूरी आपने क्यों बना ली है?' इस सवाल पर नीतीश कुमार ने कोई जवाब नहीं दिया। लेकिन मुख्यमंत्री सवाल सुनते ही पत्रकारों के सामने झुक गए।


सीएम झुककर मीडिया कर्मियों का अभिवादन करने लगे और उनके सामने एक तरह से नतमस्तक हो गए। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। जब उनके सुरक्षाकर्मी कैमरे के आगे आ गए तो उन्हें बगल हटाकर नीतीश कुमार पत्रकारों के आगे झुककर सांकेतिक तौर पर आरती दिखाते हुए नजर आए। उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।

आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं सीएम

नीतीश कुमार ने पिछले दिनों जनसंख्या को नियंत्रित करने में महिला शिक्षा के महत्व से जुड़ी अपनी टिप्पणी के लिए विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ इसके बाहर भी माफी मांगी। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के शीर्ष नेता की टिप्पणी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उनकी आलोचना की।

ये भी पढ़ें- जनसंख्या नियंत्रण वाले बयान पर बवाल के बाद नीतीश कुमार ने मांगी माफी, BJP ने की इस्तीफे की मांग

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मुख्यमंत्री द्वारा 'अपमानजनक और घटिया भाषा' का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से नीतीश के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। नीतीश ने जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए महिलाओं के बीच शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए राज्य विधानमंडल के विवादास्पद बयान दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।