Omicron: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) से पूरी दुनिया में हडकंप मचा हुआ है। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है उसे अभी तक ओमीक्रोन से किसी की मौत की खबर नहीं मिली है। लेकिन नए वेरिएंट को लेकर WHO ने चेतावनी दी है कि यूरोप के आधे अधिक मामले कोविड के मामले ओमीक्रोन के हो सकते हैं। दुनिया के कई देशों में पांव पसार चुके ओमीक्रोन ने भारत में दस्तक दे दी है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ओमीक्रोन का खतरा बढ़ गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में हाई रिस्क देशों से लौटे 15 यात्रियों को LNJP हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट 4-5 दिन में आने की उम्मीद है। अस्पताल के सीनियर अधिकारी के मुताबिक, इन्हें ओमीक्रोन से संक्रमित होने के संदेह में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन भर्ती लोगों में से 9 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 6 लोगों में गले में खराश,, बुखार जैसे लक्षण सामने आए हैं। शुक्रवार को संदिग्ध मरीजों की संख्या 12 थी। इसके बाद 3 नए मरीज ब्रिटेन से आने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पिछले हफ्ते ही दिल्ली सरकार ने LNJP को ओमिक्रॉन संक्रमितों के इलाज के लिए रिजर्व किया था।
बत दें कि केंद्र सरकार ने UK, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, मॉरिशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, हॉन्गकॉन्ग और इजरायल को 'हाई रिस्क' देशों की लिस्ट में रखा है और इन देशों से आने वाले यात्रियों को RTPCR टेस्ट कराना जरूरी है। रिजल्ट आने के बाद ही इन यात्रियों को एयरपोर्ट से निकलने की इजाजत है इसके अलावा बाकी देशों से आने वाले यात्रियों की भी एयरपोर्ट पर जांच की जा रही है।