Cyrus Mistry Death Reasons: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) की महाराष्ट्र के पालघर में रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मिस्त्री के साथ हुए हादसे को लेकर पुलिस ने अहम कारण गिनाए हैं। पुलिस के मुताबिक जिस मर्सिडीज Mercedes-Benz GLC 220d 4MATIC में मिस्त्री सवार थे, वह तेज स्पीड से चल रही थी और उसमें पीछे की सीट पर एयरबैग नहीं था और ड्राइवर ने जरूरत पड़ने पर ड्राइविंग से जुड़ा सही फैसला नहीं लिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
सिर्फ नौ मिनट में 20 किमी की दूरी तय
पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के पालघर जिले में मिस्त्री की एसयूवी जब चारोटी चेक पोस्ट को क्रॉ़स किया तो इसने महज 9 मिनट में 20 किमी का सफर तय कर लिया यानी कि कार बहुत स्पीड में थी। पुलिस के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई फीचर्स होने के बावजूद जिस मर्सिडीज में मिस्त्री थे, उसमें पीछे की सीट पर एयरबैग नहीं थी। 68 लाख रुपये की Mercedes-Benz GLC 220d 4MATIC में कुल सात एयरबैग होते हैं लेकिन साइड के कर्टेन एयरबैग के अलावा पीछे की सीट पर बैठे यात्री के लिए एयरबैग नहीं होता है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक मिस्त्री और उनके मित्र जहांगीर पंडोले दोनों पीछे की सीट पर बैठे थे और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाया हुआ था।
हादसे में दो की मौत और तीन घायल
रविवार 4 सितंबर को टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री, उनके मित्र जहांगीर पंडोले, अनाहिता पंडोले और उनके पति डेरियस पंडोले अहमदाबाद से मुंबई वापस लौट रहे थे। दोपहर लगभग 03:15 बजे महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक्सीडेंट हुआ और इसमें मिस्त्री और जहांगीर पंडोले की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ड्राइवर समेत अनाहिता पंडोले और डेरियस पंडोले गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को वापस गुजरात इलाज के लिए भेज दिया गया। कार पालघर में सूर्या नदी पर बने डिवाइडर से टकराई थी।