Pakistan Restaurant Monal closes: पाकिस्तान के इस्लामाबाद में स्थित मोनाल (Monal Restaurant Closes) नाम के फेमस रेस्तरां के बंद होने से 700 से ज्यादा कर्मचारी एक झटके में बेरोजगारी हो गए। दरअसल, पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के बाद इस्लामाबाद में अपने शानदार नजारों के लिए मशहूर मोनाल रेस्टोरेंट को बंद कर दिया है। मोनाल सहित इस्लामाबाद के मरगला हिल्स नेशनल पार्क के आसपास स्थित सभी खाने-पीने की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया गया। इन रेस्टोरेंट पर आरोप है कि इन्होंने मार्गला हिल्स नेशनल पार्क के अंदर अवैध रूप से अधिग्रहित की गई जमीन पर निर्माण किया है।
इसके चलते मोनाल को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया है। रेस्तरां बंद होने के बाद सभी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें नौकरी जाने के बाद कर्मचारी फूट-फूटकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को देखने वाले फैंस ने काफी भावुक प्रतिक्रिया दी है।
11 जून, 2024 को दिए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले में पर्यावरण संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए पार्क में स्थित सभी दुकानों को तत्काल बंद करने का आदेश दिया गया। आदेश के बाद मोनाल ने घोषणा की है कि वह 11 सितंबर, 2024 को अपना रेस्टोरेंट बंद कर देगा। इसी के साथ लगभग दो दशकों की रेस्तरां की सेवा समाप्त हो जाएगी। 2006 से ही लोकप्रिय रेस्तरां अपने सुंदर दृश्यों के लिए प्रसिद्ध था। इस्लामाबाद के पर्यटन क्षेत्र में इसका महत्वपूर्ण योगदान था।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक बयान में मोनाल ने अपने ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही अपनी 18 साल की यात्रा पर एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया, "2006 से मोनाल परिवार के लिए पाकिस्तान और उसके खूबसूरत लोगों की सकारात्मक छवि को प्रदर्शित करना और सेवा करना एक परम आनंद था। यह यात्रा हमारे साथ जुड़ी टीम के लिए सफलता की कहानियों और भावनाओं से भरी थी। लेकिन अब इसे अलविदा कहने का समय आ गया है।"
अचानक बंद होने से रेस्तरां के कर्मचारी हताश हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो ने एक कर्मचारी को अपना टर्मिनेशन लेटर मिलने पर गिरते हुए दिखाया गया। जबकि अन्य लोग जोर-जोर से रोते हुए दिखाई दिए। वीडियो ने ऑनलाइन व्यापक सहानुभूति पैदा की है, जिसमें कई लोगों ने कर्मचारियों के भविष्य के लिए चिंता व्यक्त की है।
मोनाल के मालिक लुकमान अली अफजल ने रेस्तरां बंद होने के बाद अपने कर्मचारियों के सामने आने वाली कठिनाइयों को स्वीकार किया। एक भावपूर्ण विदाई पत्र में अफजल ने बेरोजगारी की चुनौतियों और मौजूदा वित्तीय कठिनाइयों को संबोधित किया।
उन्होंने लिखा, "काश मैं रातों-रात सभी को नौकरी दे पाता, लेकिन मौजूदा वित्तीय संकट को देखते हुए समूह आपको अन्य परियोजनाओं में पुनः नियुक्त नहीं कर सकता। कृपया इसे ईश्वरीय इच्छा द्वारा लिया गया निर्णय मानें और वैकल्पिक रोजगार की तलाश शुरू करें।"
मोनाल के कर्मचारियों की दुर्दशा जनता के बीच गूंज रही है। कई लोगों ने अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। एक यूजर ने वायरल वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा, "वह बेहोश हो गया, क्योंकि वह अपने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में सोच रहा था।" एक अन्य ने भविष्य के लिए आशा व्यक्त करते हुए कहा, "मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपना जीवन यापन करने के लिए बेहतर नौकरी मिले।" कई यूजर्स ने कहा, "यह बेहद दुखद है।"