Patna Encounter: मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अजय राय ढेर, STF ने मार गिराया, एक पुलिस जवान घायल

Patna Encounter: बिहार में एनकाउंटर का सिलसिला जारी है। कुख्यात बैंक लुटेरा अजय राय शुक्रवार को मुठभेड़ में मारा गया। उसे पटना के जक्कनपुर थाना अंतर्गत संजय नगर रोड नंबर 10 में एसटीएफ (STF) ने मार गिराया है। इस मुठभेड़ में अपराधियों की एक गोली एसटीएफ के एक सब इंस्पेक्टर को भी लगी है, जिससे वो जख्मी हो गए हैं

अपडेटेड Dec 14, 2024 पर 1:03 PM
Patna Encounter: पटना STF ने कुख्यात अपराधी अजय राय का एनकाउंटर कर दिया है। वह कई बैंक डकैती में शामिल था।

बिहार के पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां जक्कनपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली। इस मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी अजय राय की मौत हो गई। इसमें एसटीएफ के एक जवान को भी गोली लगी है। घटना के दौरान इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा। STF के डीआईजी विवेकानंद ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। कुख्यात अजय राय को काका के नाम से भी जाना जाता है। सोना लुटेरा था और चंदन सोनार गिरोह का प्रमुख सदस्य था। इसके साथ ही कई बैंक डकैती में शामिल था।

बताया जा रहा है कि कुख्यात अजय राय बिहार के सारण का रहने वाला था। एसटीएफ की टीम उसे गिरफ्तार करने गई थी। लेकिन सरेंडर करने के बदले उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वो ढेर हो गया। अजय राय पर कई जिलों में बैंक डकैती के आधा दर्जन केस थे।

किराये के मकान में छिपा था अजय राय, एनकाउंटर में ढेर


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय राय पर आधा दर्जन बैंक डकैती और अपहरण समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज थे। एसटीएफ और अपराधियों के बीच शुक्रवार की रात को पटना के संजय नगर रोड नंबर 10 में जमकर गोलियां चली। यहां अजय राय ने नाम बदलकर एक कमरा कुछ दिन पहले किराए पर लिया था। अन्य अपराधियों के साथ छिपा हुआ था। जब उसे गिरफ्तार करने एसटीएफ की टीम पहुंची और अजय राय को सरेंडर करने के लिए कहा तो अजय राय के दो साथी भाग खड़े हुए। वहीं अजय राय ने एसटीएफ पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद एसटीएफ ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई भी शुरू हुई। इसी बीच एसटीएफ की चार गोली अजय राय को लग गईं। जिससे उसकी मौत हो गई।

STF का एक जवान घायल

अजय राय जेल की सजा भी काट चुका था। वो कुछ दिनों पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। घटनास्थल से पिस्टल की कई गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक एसटीएफ के जवान को भी गोली लगी है। बता दें कि पटना में 6 सालों के बाद यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले पाटलिपुत्र स्टेशन से कुछ दूरी पर पूर्वी गोला रोड पर मुठभेड़ में कुख्यात अभिषेक कुमार उर्फ मुचकुंद मारा गया था। उस पर 50,000 रुपये का इनाम था।

Atul Subhash Case: अतुल की पत्नी के घर पर बेंगलुरु पुलिस ने चिपकाया नोटिस, तीन दिन में होना होगा पेश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।