Ram Navami Violence: रामनवमी के जुलूस के दौरान कई राज्यों में हिंसक झड़प, ओडिशा के क्योंझर में इंटरनेट सेवाएं बंद

रामनवमी त्योहार के अवसर पर कई राज्यों में जुलूस का आयोजन किया गया, इस दौरान मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और गुजरात जैसे राज्यों से पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं

अपडेटेड Apr 12, 2022 पर 4:47 PM
Story continues below Advertisement
Keonjhar जिले में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं

ओडिशा (Odisha) के क्योंझर (Keonjhar) जिले में एक दिन पहले रामनवमी की रैली को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद मंगलवार को इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने जोड़ा शहर में धारा 144 अगले 24 घंटे के लिए बढ़ा दी है। यहां दो समुदायों के बीच संघर्ष हुआ था।

ये भी पढ़ें- HeatWave Updates: इन राज्यों में 16 अप्रैल तक मिलेगी गर्मी और लू से राहत, IMD ने भारी बारिश का जारी किया अलर्ट

अधिकारी ने बताया कि झड़प के मद्देनजर पहले सोमवार को मंगलवार सुबह 10 बजे तक के लिए CrPC की धारा 144 लगाई गई थी। उसे बाद में लोगों के जमावड़े से निपटने के लिए अगले 24 घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है।


इंटरनेट सेवाएं निलंबित

इस बीच, अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। धारा 144 बढ़ाए जाने के कारण सभी बैंकों में कामकाज तथा खनिजों की ढुलाई थम गई हैं। साथ ही सड़कों पर ट्रकों की लंबी कतारें लग गई हैं। अधिकारी ने बताया कि क्योंझर के पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने सुबह दोनों समुदायों के साथ शांति कायम करने के प्रयास के तहत बैठक की।

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस की 17 प्लाटून तैनात की गई है। हर प्लाटून में 30 पुलिसकर्मी होते हैं। शहर में सोमवार को स्थानीय पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बाद भी कुछ लोगों ने रामनवमी का जुलूस निकाला था। इस दौरान बीच में उसे अन्य समुदाय के लोगों ने रोक दिया, जिसके बाद दोनों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में आठ लोग घायल हो गए। साथ ही कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

कई राज्यों में हिंसक झड़प

बता दें कि रामनवमी त्योहार के अवसर पर रविवार को कई शहरों में जुलूस का आयोजन किया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और गुजरात जैसे राज्यों से पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रों के दो समूहों में मेस में कथित तौर पर नॉनवेज परोसने को लेकर झड़प हुई। पुलिस के मुताबिक, JNU की घटना में छह छात्र घायल हो गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।