द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने 25 जुलाई को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ (President Oath) ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) एनवी रमना ने संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें पद की शपथ दिलाई। मुर्मू ने विपक्षी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर पहली आदिवासी और शीर्ष संवैधानिक पद संभालने वाली दूसरी महिला बनकर इतिहास रच दिया।
झारखंड की पूर्व राज्यपाल को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में चुना गया था। निर्वाचक मंडल वाले सांसदों और विधायकों के मतपत्रों की गिनती में 64 प्रतिशत से ज्यादा वैलिड वोट मिलने के बाद सिन्हा के खिलाफ भारी अंतर से जीत हासिल की।
राष्ट्रपति को मिलने वाली सैलरी और लाभ
भारत के राष्ट्रपति की सैलरी 5 लाख रुपए प्रति माह है। 2016 में मासिक वेतन 1.5 लाख रुपए से 200 प्रतिशत बढ़ा दिया गया था।
राष्ट्रपति को मुफ्त आवास और मेडिकल केयर और ऑफिस खर्च के लिए सालाना 1 लाख रुपए मिलते हैं। उन्हें दुनिया में कहीं भी ट्रेन या हवाई मार्ग से मुफ्त यात्रा करने को मिलता है। राष्ट्रपति को दो चपरासी, एक निजी सचिव और एक निजी सहायक से भी सचिवीय समर्थन मिलता है।
राष्ट्रपति भवन राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास है। इस विशाल निवास में 340 कमरे और 2,00,000 वर्ग फुट का फ्लोर एरिया है। राष्ट्रपति के पास दो आधिकारिक रिट्रीट हैं, जहां वह छुट्टी पर जा सकती हैं। एक शिमला के मशोबरा में और दूसरा हैदराबाद के बोलारुम में है।
राष्ट्रपति को एक अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली के साथ एक कस्टम-निर्मित ब्लैक मर्सिडीज बेंज S600 (W221) पुलमैन गार्ड मिलता है। जिस कार में लाइसेंस प्लेट नहीं है। वह बुलेट और शॉकप्रूफ है। यह बम, गैस हमलों और दूसरे विस्फोटकों का सामना करने के लिए बनाया गया है। राष्ट्रपति के लिए राष्ट्रपति का अंगरक्षक होता है, जो भारतीय सशस्त्र बलों की एक विशिष्ट इकाई है।
एक बख्तरबंद लिमोसिन भी आधिकारिक यात्राओं के लिए रिजर्व है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से राष्ट्रपति की कारों की डिटेल का खुलासा नहीं किया गया है। इन कारों में लाइसेंस प्लेट नहीं होती है और इसके बजाय राष्ट्रीय प्रतीक लगा होता है।
रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले लाभ
पेंशन 2.5 लाख रुपए प्रतिमाह है। राष्ट्रपति को एक सुसज्जित किराए से मुक्त बंगला, दो मुफ्त लैंडलाइन और एक मोबाइल फोन, पांच व्यक्तिगत कर्मचारी, कर्मचारियों के खर्च के लिए 60,000 रुपए प्रति वर्ष, और ट्रेन या हवाई मार्ग से एक साथी के साथ मुफ्त यात्रा समेत दूसरे रिटायरमेंट लाभ भी मिलते हैं।