RRB-NTPC Result Row: रेलवे की परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर बिहार में छात्रों का हिंसक प्रदर्शन, ट्रेन को किया आग के हवाले

RRB-NTPC परीक्षा के परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर पिछले 3 दिनों से यह विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है, जो बुधवार को हिंसा में तब्दील हो गया

अपडेटेड Jan 26, 2022 पर 4:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
RRB-NTPC अभ्यर्थियों ने ट्रेन की कई बोगियों में आग लगा दी और श्रमजीवी एक्सप्रेस पर भारी पथराव किया

RRB-NTPC Result Row: रेलवे भर्ती बोर्ड की नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (RRB-NTPC) के परीक्षा परिणाम से नाराज अभ्यर्थियों के विरोध-प्रदर्शन ने बुधवार को बिहार के गया में हिंसक रूप धारण कर लिया। रेलवे में नौकरी के इच्छुक आक्रोशित अभ्यर्थियों ने बुधवार को गया जंक्शन पर जमकर हंगामा किया और कई ट्रेनों को आग के हवाले कर दिए।

प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों में तोड़फोड़ की और पथराव भी किया। इसके अलावा बिहार के कई स्थानों पर युवाओं ने ट्रेनों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस ने भी बल प्रयोग किया। अभ्यर्थियों द्वारा आरआरबी-एनटीपीसी परीक्षा के परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर पिछले तीन दिनों से यह विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है, जो बुधवार को हिंसा में तब्दील हो गया।

RRB-NTPC Result Row: परीक्षार्थियों के विरोध-प्रदर्शन के बाद रेलवे ने स्थगित की NTPC और लेवल 1 की परीक्षाएं


रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान नाराज अभ्यर्थियों ने दो मालगाड़ियों के इंजन और एक पैसेंजर ट्रेन में आग लगा दी। इसके अलावा अभ्यर्थियों ने ट्रेन की 20 बोगियों की खिड़की के शीशों को चकनाचूर कर दिया। हजारों की संख्या में उत्पात मचा रहे छात्रों के भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

रेलवे ने परीक्षाएं स्थगित की

रेलवे ने अपनी भर्ती परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया को लेकर परीक्षार्थियों के हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद एनटीपीसी और लेवल-1 की परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि रेलवे ने एक समिति भी बनाई है, जो विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित परीक्षाओं में सफल और असफल होने वाले परीक्षार्थियों की शिकायतों की जांच करेगी। प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतें और चिंताएं सुनने के बाद समिति रेल मंत्रालय को एक रिपोर्ट सौंपेगी।

इससे पहले मंगलवार को रेलवे ने एक नोटिस जारी कर परीक्षार्थियों को चेतावनी दी थी कि प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों की रेलवे में भर्ती पर हमेशा के लिए पाबंदी लगा दी जाएगी। यह चेतावनी सोमवार को बिहार में कई जगहों पर प्रदर्शनकारी परीक्षार्थियों के रेलवे पटरियों पर धरने पर बैठने के मद्देनजर आई थी। छात्रों का आरोप है कि इन भर्तियों में धांधली और लापरवाही हुई है और अयोग्य लोगों को भर्ती कराने के प्रयास हो रहे हैं।

छात्रों को मिला राहुल गांधी का समर्थन

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित परीक्षा की प्रक्रिया का विरोध कर रहे युवाओं का समर्थन करते हुए बुधवार को कहा कि अधिकारों के लिए आवाज उठाने को हर नौजवान स्वतंत्र है। उन्होंने बिहार में एक ट्रेन रोककर राष्ट्रगान गा रहे युवाओं का एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, "अधिकारों के लिए आवाज उठाने को हर नौजवान स्वतंत्र है, जो भूल गए हैं, उन्हें याद दिला दो कि भारत लोकतंत्र है, गणतंत्र था, गणतंत्र है!"

बता दें कि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में इंडियन रेलवे की नौकरियों की तैयारी करने वाले छात्रों की संख्या लाखों में होती है। कई महीने पहले रेलवे में RRB-NTPC के तहत अलग-अलग पदों की हजारों वैकेंसी निकली थी। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ओर से नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) भर्ती सीबीटी-1 एग्जाम के रिजल्ट 14 एवं 15 जनवरी, 2022 को जारी किए गए थे। इस रिजल्ट के आधार पर सीबीटी-2 यानी दूसरे चरण की परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।