Sandeep Maheshwari Vivek Bindra Controversy: एक Youtube वीडियो के बाद, कैसे आपस में लड़ बैठे संदीप माहेश्वरी और विवेक बिंद्रा, क्या है पूरा विवाद
Sandeep Maheshwari Vivek Bindra Controversy: Youtube और कई अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानेमाने मोटिवेशनल स्पीकर और लाइफ कोच आपस में भिड़ गए। ये कोई और नहीं बल्कि, एक हैं संदीप माहेश्वरी (Sandeep Maheshwari) और दूसरे हैं विवेक बिंद्रा (Vivek Bindra)। विवाद की शुरुआत एक वीडियो से हुई और अब दोनों ही हस्तियों खुल कर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। इस विवाद की शुरुआत 11 दिसंबर 2023 को हुई
Sandeep Maheshwari Vivek Bindra Controversy: एक Youtube वीडियो के बाद, कैसे आपस में लड़ बैठे संदीप माहेश्वरी और विवेक बिंद्रा
Sandeep Maheshwari Vivek Bindra Controversy: सोशल मीडिया की दुनिया एक्शन से भरी है, जो कभी नहीं रुकती। विवाद हो, ड्रामा हो या कुछ और, यहां कुछ न कुछ होता ही रहता है। सोशल मीडिया की दुनिया में ऐसी ही एक जगह है, वीडियो स्ट्रीम वेबसाइट Youtube। अब इसी Youtube और कई अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानेमाने मोटिवेशनल स्पीकर और लाइफ कोच आपस में भिड़ गए। ये कोई और नहीं बल्कि, एक हैं संदीप माहेश्वरी (Sandeep Maheshwari) और दूसरे हैं विवेक बिंद्रा (Vivek Bindra)। विवाद की शुरुआत एक वीडियो से हुई और अब दोनों ही हस्तियां खुल कर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं।
दरअसल इस विवाद की शुरुआत 11 दिसंबर 2023 को हुई, जब लाइफ कोच संदीप महेश्वरी ने अपने Youtube चैनल पर ‘Big Scam Exposed’ नाम से एक वीडियो शेयर किया। 10 मिनट लंबे इस वीडियो में तीन लड़कों ने बताया कि उन्होंने किसी Youtuber से एक बिजनेस का कोर्स 50,000 रुपये में खरीदा। महेश्वरी से बातचीत के दौरान, इस कोर्स को करने वाले लड़कों ने खुलकर बात की। जब माहेश्वरी को कोर्स के फीस स्ट्रक्चर और नतीजों के बारे में पता चला, तो उन्होंने इसे 'घोटाला' करार दिया।
इन लड़कों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस कोर्स के पैसे वापस मांगे, तो उनसे कहा गया कि पैसे लौटाने की कोई पॉलिसी नहीं है। हां अगर वह चाहते हैं कि उन्हें उनका पैसा वापस मिले तो, वे इस कोर्स को किसी और को बेच कर बतौर कमिशन अपना पैसा वापस ले सकते हैं।
अब तक इस पूरे मामले में मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा या उनकी कंपनी बड़ा बिजनेस का कहीं कोई जिक्र नहीं था और न ही महेश्वरी के वीडियो में उनका नाम लिया गया, लेकिन जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो अटकलें लगने लगीं कि इसमें जिस ऑनलाइन बिजनेस कोर्स की बातें की जा रही हैं, वो विवेक बिंद्रा का है।
इसके कुछ दिन बाद ही विवेक बिंद्रा भी इस विवाद में कूद पड़े और उन्होंने अपने Youtube चैनल से पर एक कम्युनिटी पोस्ट के जरिए इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया और जवाब दिया।
'संदीप भाई...'
बिंद्रा ने अपने पोस्ट में लिखा, "संदीप भाई, मैंने आपका लेटेस्ट वीडियो देखा, 'Big Scam Exposed', क्योंकि आपने पुष्टि की है कि ये मुझसे और मेरी कंपनी से जुड़ा है, तो मुझे लगता है कि मुझे अपनी आधिकारिक ID से इस पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए, ताकि दर्शकों के मन में कोई भ्रम न रहे।"
उन्होंने आगे कहा, "आपने मुझे अपने शो में बुलाया, जहां मैंने आपके हर सवाल का पूरी ईमानदारी से जवाब दिया। मैं उसी ईमानदारी से कहना चाहता हूं कि अगर दर्शकों के मन में मुझे लेकर कोई सवाल है, तो मैं दोबारा आपके शो में आकर उस पर खुलकर चर्चा करने को तैयार हूं। आइए मैं आपको खुली चुनौती देता हूं। क्या आप में हकीकत का सामना करने की हिम्मत है।"
'मेरे प्यारे विवेक...'
इस पोस्ट के जवाब में संदीप महेश्वरी ने भी एक कम्युनिटी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मेरे प्यारे विवेक, एक तरफ से आप ने मेरी टीम को कानूनी कार्रवाई की धमकी दी (अभी मैंने आपकी कॉल रिकॉर्डिंग सुनी) और दूसरी तरफ से आप ने मेरे घर पर अपने कर्मचारियों को भेजा। वो भी एक बार नहीं... बार-बार... क्या आपको सच में लगता है कि मैं आप की धमकियों से डरता हूं?"
उन्होंने आगे कहा, "डरता वो है जो कुछ गलत करता है। मैं अपने फायदे के लिए नहीं बल्कि सबके फायदे के लिए काम करता हूं... और मरते दम तक करता रहूंगा... आप जैसे लाखों लोग मिल कर भी मुझे नहीं रोक सकते।"
'Janeman Biggest Controversy'
विवेक बिंद्रा ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूट्यूब पर एक 'रिस्पॉन्स वीडियो' शेयर किया, जिसका नाम- 'Janeman Biggest Controversy | Biggest Program | Biggestr Attack - Dr Vivek Bindra" है।
विवेक बिंद्रा के इस वीडियो के बाद संदीप माहेश्वरी ने 21 दिसंबर को #StopVivekBindra के नाम से एक वीडियो बनाकर विवेक बिंद्रा की तरफ से उठाए सवालों का जवाब दिया।
इसी वीडियो के दौरान महेश्वरी ने इस पूरे मामले को एक कानूनी लड़ाई में बदलने का भी संकेत दिया। क्योंकि उन्होंने स्कैम में फंसे बच्चों की मदद के लिए एक लॉ फर्म हायर करने की भी बात कही।
जहां एक तरफ संदीप माहेश्वरी के Youtube पर 2.83 करोड़ सब्सक्राइबर हैं, तो वहीं विवेक बिंद्रा के Youtube पर 2.14 करोड़ सब्सक्राइबर हैं।
एक मीडिया यूजर ने इस पूरे मामले पर पोस्ट किया, "मैं आप दोनों का सम्मान करता हूं.. दोनों प्रेरक और दूरदर्शी हैं। उम्मीद है कि यह जल्द ही सुलझ जाएगा।"
वहीं एक दूसरे यूजर ने कहा, "आप दोनों के पास बहुत अच्छा ज्ञान है। चलो लड़ते रहें, किसे परवाह है? मैं आप दोनों को देखता हूं लेकिन एक भी पैसा निवेश करने नहीं जाता।"