Seema Haider-Sachin Meena Love Story: मुस्लिम समाज की रूढ़ियों को तोड़ने का साहस करते हुए अपने चार बच्चों के साथ ग्रेटर नोएड के रहने वाले सचिन मीणा (Sachin Meena) के साथ रहने के लिए चोरी-छिपे भारत गई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर (Seema Haider) को यूपी ATS ने हिरासत में ले लिया है। टीवी रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर प्रदेश ATS ने कथित 'जासूसी' जांच के लिए सीमा हैदर और उसके प्रेमी सचिन मीणा को हिरासत में लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि उत्तर प्रदेश एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड (UP ATS) सीमा हैदर और उनके प्रेमी को अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है सोमवार को यूपी एटीएस की टीम अचानक ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा गांव पहुंची और कपल को बाहर निकलने के लिए कहा। इसके बाद टीम दोनों को अपने साथ लेकर चली गई।
यह घटनाक्रम उस खबर के सामने आने के कुछ घंटों बाद सामने आया है कि सीमा और सचिन अपने ग्रेटर नोएडा स्थित घर से लापता हैं। हालांकि, नई टीवी रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यूपी पुलिस इस कपल को पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सीमा के पास चार मोबाइल फोन मिले हैं। अधिकारी इन उपकरणों के CDR या कॉल डिटेल रिकॉर्ड देख रहे हैं। ATS ने मामले की जांच सीमा, सचिन और उनके पिता को 4 जुलाई को गिरफ्तार किए जाने के बाद जमानत पर रिहा किए जाने के कुछ दिनों बाद शुरू की है।
अब सीमा हैदर की गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जा रही है। सीमा हैदर के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कनेक्शन के शक में जांच चल रही है। यूपी एटीएस, IB, नोएडा पुलिस समेत कई केंद्रीय एजेंसियां इस एंगल पर जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि सीमा हैदर के फोन कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। पाकिस्तान से दुबई, फिर नेपाल और वहां से ग्रेटर नोएडा आने के मसले की जांच में जुटी ATS की कार्रवाई के बाद हलचल तेज हो गई है।
इन सवालों का देना होगा जवाब
टीवी रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एटीएस सीमा से पाकिस्तान, दुबई और नेपाल में उसके कथित संबंधों को लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि सीमा ने पाकिस्तान से दुबई तक की उड़ान कैसे भरी और फिर अपने चार बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा की यात्रा के लिए काठमांडू कैसे आई। रिपोर्टों में कहा गया है कि पाकिस्तानी नागरिक और उसके बच्चों के पासपोर्ट पाकिस्तान उच्चायोग को भेज दिए गए हैं।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि सीमा को जल्द ही आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार किया जा सकता है। सादे कपड़ों में यूपी एटीएस की एक टीम रबूपुरा गांव में कपल के घर पहुंची और सीमा हैदर एवं सचिन को हिरासत में ले लिया। फिलहाल, चारों बच्चों कहां है इसके बारे में कोई अपडेट नहीं है।