स्टार्टअप रियल्टी शो 'शॉर्क टैंक इंडिया (Shark tank India)' की जज और शुगर कॉस्मेटिक्स (Sugar Cosmetics) कंपनी की सीईओ, विनीता सिंह (Vineeta Singh) ने हाल ही में उन घटनाओं को जिक्र किया, जब एक महिला उद्यमी होने के नाते उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ा था। एक निवेशक ने तो उनकी कंपनी को तब तक पैसे देने से इनकार कर दिया, जब तक उनके पति फुल-टाइम सदस्य के रूप में इससे नहीं जुड़ गए। विनीता ने बॉम्बे शेविंग कंपनी के सीईओ शांतनु देशपांडे के साथ उनके यूट्यूब चैट शो 'द बार्बरशॉप विद शांतनु' के दौरान इन बातों का जिक्र किया।
विनीता ने कहा, "जब हमने कंपनी शुरू की, तब हम पैसे जुटाने के लिए काफी परेशान थे। कौशिक (विनीता सिंह के पति) और मेरे लिए साल 2018-19 तक फंड जुटाना बहुत मुश्किल था। हालांकि इसके बाद B2C (बिजनेस टू कंज्यूमर) को लेकर लोगों की थोड़ी सोच बदली और फिर चीजें आसान हो गईं।" कौशिक मुखर्जी (Kaushik Mukherjee), शुगर कॉस्मेटिक्स के को-फाउंडर और सीओओ हैं।
उन्होंने कहा, "साल 2012-13 की बात है। कौशिक तब मैकिंजी में काम करता था। एक निवेशक थे, जिन्होंने मुझसे कहा- हम अकेली महिला फाउंडर्स वाली कंपनियों में निवेश नहीं करते हैं। ऐसे में जब तक कौशिक मैकिंजी की अपनी नौकरी छोड़कर फुल-टाइम इसे ज्वाइन नहीं करता है, हम आपको चेक नहीं दे सकते हैं।"
निवेशक ने अपने फैसले के पीछे यह बताया कारण
विनीता सिंह ने आगे कहा कि जब निवेशक से इसके पीछे का कारण पूछा गया तो उन्होंने साफ तौर से कहा कि उन्होंने एक इससे पहले एक कंपनी में निवेश किया था, जिसे एक महिला फाउंडर चलाती थी। लेकिन उस महिला ने अपना परिवार होने के बाद बिजनेस पर ध्यान नहीं दिया और उसे डूब जाने दिया।
उन्होंने कहा, "मेरे दिमाग में उस समय था कि वाह, क्या बात है। इनके पास सिर्फ एक महिला उद्यमी का अनुभव है और उस एक के आधार पर इन्होंने पूरी महिला लिंग पर यह कहते हुए ठप्पा लगा दिया है कि वह कभी महिला फाउंडर वाली कंपनी में निवेश नहीं करेंगे और इसके बारे में सार्वजनिक रूप से कहने पर भी इन्हें संकोच नहीं हैं।"
विनीता ने कई लड़ाईयां जानबूझकर छोड़ीं
शार्क टैंक इंडिया की जज ने बाद में उन लड़ाइयों के बारे में भी बताया, जिसे लड़ना उन्होंने नहीं चुना। विनीता ने कहा कि चूंकि कंपनी को उस समय फंड की सख्त जरूरत थी, ऐसे में उन्होंने अपने पति से रिक्वेस्ट किया वह इस डील को पूरा करने के लिए कंपनी से जुड़ जाएं।
महिलाओं की अगुआई वाले वेंचर्स को फंडिंग का वादा
विनीता ने बताया कि उन्होंने उसी वक्त फैसला कर लिया था कि वह जब अच्छी पोजिशन में होंगी, तब चीजों को बेहतर तरीके से चलाएंगी और महिलाओं की अगुआई वाले वेंचर्स को फंडिंग देंगी।
विनीता सिंह और शांतनु के बीच बातचीत को आप नीचे दिए लिंक में सुन सकते हैं-