उत्तर प्रदेश में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Gorakhpur-Lucknow Vande Bharat Express train) पर पथराव की घटना सामने आई है। मंगलवार को यूपी में अज्ञात बदमाशों ने गोरखपुर-लखनऊ सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को निशाना बनाया। खबरों की मानें तो 11 जुलाई यानी सोमवार को कुछ उपद्रवियों ने अयोध्या के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया। पथराव की वजह से ट्रेन की 5 खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है, जिसमें 550 से अधिक यात्री सफर करते हैं।
खबरों के मुताबिक, पथराव के कारण कोच संख्या C1, C3 और एक्जीक्यूटिव कोच की चार खिड़कियों के शीशे टूट गए। फिलहाल, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि पत्थर चलने के दौरान ट्रेन में सवार यात्री घबरा गए। हमले के बाद ट्रेन के अंदर अफरातफरी मच गई।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, गोरखपुर से राजधानी लखनऊ जा रही 22549 नंबर की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर अराजकतत्वों ने दोनों तरफ से पत्थर चलाया। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन निर्धारित समय से सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर गोरखपुर से रवाना हुई।
वंदे भारत ट्रेन जैसे ही अयोध्या से आगे बढ़ी सोहावल और देवरा कोट के बीच 8 बजकर 40 मिनट से 8 बजकर 45 मिनट के बीच कोचों के दोनों तरफ से पत्थर चलने लगे। पत्थरबाजी से यात्री घबरा गए। ट्रेन के साथ चल रहे भारतीय रेलवे के स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला।
पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार 7 जुलाई को गोरखपुर रेलवे स्टेशन (Gorakhpur Railway Station) से गोरखपुर-लखनऊ (Lucknow-Gorakhpur Vande Bharat Express Train) और जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस (Jodhpur-Ahmedabad Vande Bharat Express Train) ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को गोरखपुर से लखनऊ तक की यात्रा के लिए चेयर कार के लिए लगभग 724 रुपये और एक्जीक्यूटिव कार के लिए लगभग 1470 रुपये का भुगतान करना होगा। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड ने भोजन, नाश्ते और चाय आदि की कीमत भी निर्धारित कर दी है।
इस ट्रेन में सात चेयर-कार और एक एग्जीक्यूटिव-कार सहित आठ कोच हैं और कुल 556 लोग इसमें यात्रा कर सकते हैं। वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। अधिकारियों के मुताबिक नियमित संचालन शुरू होने के बाद वंदे भारत ट्रेन केवल बस्ती और अयोध्या में रुकेगी।
यात्री इन स्टेशनों के काउंटर से टिकट बुक कर सकते हैं। ट्रेन परिचालन ठहराव के लिए मनकापुर लेवल क्रॉसिंग पर भी रुकेगी। इस रूट में जो सबसे तेज ट्रेन है उसकी तुलना में लगभग 2 घंटे की बचत करेगी। यह ट्रेन सुबह 6:05 पर गोरखपुर से चलकर 10:20 पर लखनऊ पहुंचेगी और शाम को 7:15 से लखनऊ से वापस गोरखपुर आएगी।