जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों को दान करना चाहता है 10 करोड़ रुपये, रेल मंत्री से की अपील

Odisha Train Accident: 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने ओडिशा रेल हादसे के पीड़ितों के परिवारों को आर्थिक मदद देने की पेशकश की है। सुकेश ने पीड़ितों के परिवारों के लिए 10 करोड़ रुपये दान करने की पेशकश की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में चंद्रशेखर ने दान करने की अनुमति मांगी है। पत्र में लिखा गया है कि यह योगदान मेरी कमाई के वैध स्रोत के हैं

अपडेटेड Jun 16, 2023 पर 7:29 PM
Story continues below Advertisement
Odisha Train Accident: पत्र में सुकेश ने केंद्र सरकार ने जो राहत-बचाव के कार्य किए हैं, उसकी तारीफ की है

200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) ने ओडिशा रेल हादसे (Odisha Train Accident) के पीड़ितों के परिवारों को आर्थिक मदद देने की पेशकश की है। सुकेश ने ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के पीड़ितों के लिए 10 करोड़ रुपये दान करने की पेशकश की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) को लिखे पत्र में चंद्रशेखर ने दान करने की अनुमति मांगी है। पत्र में उल्लेख किया गया था कि यह राशि टैक्स भरने के बाद उसकी कानूनी आय है। फिलहाल, रेल मंत्रालय की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पत्र में लिखा गया है कि यह योगदान मेरी कमाई के वैध स्रोत के हैं, जिस पर पूरी तरह से टैक्स लगाया जाता है। उसने रेल मंत्री से डिमांड ड्राफ्ट बनाने के लिए संबंधित विभाग का नाम और अन्य डिटेल्स मांगी है ताकि जल्द से जल्द ड्राफ्ट बनाकर पीड़ितों की मदद की जा सके। पत्र में सुकेश ने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने जो राहत-बचाव के कार्य किए हैं, उसकी भी तारीफ की है।

कैदियों के लिए भी कर चुका है मदद का ऑफर


इससे पहले कथित ठग ने 25 मार्च को अपने जन्मदिन के अवसर पर विचाराधीन कैदियों के कल्याण के लिए 5 करोड़ रुपये का योगदान देने की पेशकश करते हुए डीजी जेल को एक पत्र लिखा था। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में 22 मार्च को डीजी जेल को लिखे उसके पत्र का हवाला दिया गया है।

पत्र के माध्यम से उसने अधिकारी से जेल के कैदियों के कल्याण के लिए 5,11,00,000 रुपये दान करने की अनुमति मांगी थी, जो अपनी जमानत बांड के लिए भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं। चंद्रशेखर को पिछले दिनों तिहाड़ जेल से मंडोली जेल शिफ्ट कर दिया गया था, जब उसने अपनी जान का खतरा होने का दावा करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

पति-पत्नी दोनों गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने पिछले साल चंद्रशेखर के खिलाफ धोखाधड़ी और रेलिगेयर एंटरप्राइजेज (Religare Enterprises) के पूर्व प्रमोटर की पत्नी जपना सिंह और अदिति सिंह से पैसे ऐंठने के आरोप में FIR दर्ज की थी। चंद्रशेखर और उसकी एक्ट्रेस पत्नी लीना मारिया पॉल दोनों को दिल्ली पुलिस ने पिछले साल सितंबर में धोखाधड़ी के मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया था।

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दौरान बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज, नोरा फतेही और कई अन्य हाई प्रोफाइल लोगों के नाम सामने आए थे। एजेंसी ने आरोप लगाया गया है कि जैकलीन ने चंद्रशेखर से 'अपराध की आय' में 7 करोड़ रुपये से अधिक प्राप्त किए थे।

जैक्लीन को लिखा पत्र

कथित ठग ने अप्रैल में जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) को ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए एक पत्र लिखा था। उसने एक्ट्रेस की तारीफ करते हुए कहा था कि "इस ग्रह पर उसके जैसा सुंदर कोई नहीं है"। सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन के 'लक्स कोजी' ब्रांड के टेलीविजन विज्ञापनों का भी जिक्र किया था।

ये भी पढ़ें- जीतन राम मांझी को नीतीश कुमार ने बताया भेदिया, बोले- 'महागठबंधन सहयोगियों की कर रहे थे जासूसी'

ट्रेन हादसा

बता दें कि बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी से जुड़ा भीषण हादसा 2 जून की शाम लगभग 7 बजे हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 288 लोगों की मौत हो गई थी और 1,100 से अधिक लोग घायल हो गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।