टाटा ग्रुप (TATA Group) की इन्फ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन कंपनी टाटा प्रोजेक्ट्स को उत्तर प्रदेश के जेवर में आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के निर्माण का ठेका मिला है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इस अनुबंध के तहत टाटा प्रोजेक्ट्स एयरपोर्ट पर टर्मिनल, रनवे, एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कों, लैंडसाइड सुविधाओं और अन्य सहायक भवनों का निर्माण करेगी।
YIAPL, स्विटजरलैंड की कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी (Swiss developer Zurich Airport International AG) की 100 फीसदी सहायक कंपनी है। इसे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास के लिए एक स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) के रूप में शामिल किया गया है।
बयान में कहा गया कि YIAPL ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (Engineering, procurement, and construction- EPC) के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का चयन किया है। कंपनी को बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के डिजाइन, खरीद और निर्माण में उसके अनुभव के आधार पर अंतिम तीन में से से चुना गया।
कुल 1,334 हेक्टेयर में फैली ग्रीनफील्ड सुविधा के पहले चरण में 5,700 करोड़ रुपये के निवेश से एकल रनवे परिचालन शुरू किया जाएगा, जिसकी क्षमता हर साल 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी। बता दें कि नए एयरपोर्ट के 2024 तक चालू होने की उम्मीद है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के CEO क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि हमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के EPC काम के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स के साथ साझेदारी करने की खुशी है। इस अनुबंध के साथ हमारी परियोजना अगले चरण में प्रवेश करेगी। इससे कार्यस्थल पर निर्माण गतिविधियों में तेजी आएगी।