Tomato Price Rise: टमाटर की कीमतों ने आम आदमी की रसोई पर गहरा असर डाला है। भारत के कुछ शहरों में तो टमाटर 150 रुपए किलो हो गया है। इसकी बढ़ती कीमत ने पब्लिक के होश उड़ा दिए हैं। इसी बीच सरकार का दावा है कि ये कीमतें 15 दिनों के भीतर सामान्य हो जाएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरे देशभर में विशाखापट्टनम में टमाटर सबसे महंगा बिक रहा है। टमाटर की कीमत विशाखापट्टनम में 160 रुपए किलो हो गई है।
देशभर के हिस्सों से टमाटर की नई कीमतें काफी हैरान करने वाली हैं। बंगाल की सिलीगुड़ी में टमाटर 155 रुपए किलो, यूपी के मुरादाबाद में 150 रुपए किलो है। दिल्ली में जहां टमाटर 110 रुपए किलो है वहां कोलकाता में 148 रुपए किलो टमाटर बिक रहा है। चेन्नई और मुंबई में जबकि टमाटर की कीमतें काफी कम है। चेन्नई में एक किलो टमाटर 60 रुपए किलो और मुंबई में 58 रुपए किलो मिल रहा है। बेंगलुरु में एक हफ्ते पहले ही टमाटर ने 100 का आंकड़ा पार कर दिया था।
बंगाल सरकार ने कीमतों पर लगाम कसने के लिए उठाए पुख्ता कदम
मिनिस्ट्री ऑफ कनज्यूमर अफेयर्स के मुताबिक टमाटर का औसत खुदरा दाम 83.29 रुपए प्रति किलो है। टमाटर की बढ़ती कीमत को देखते हुए बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कीमतों को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। सरकार ने अपने रिटेल नेटवर्क सुफल बांग्ला को पूरी जनता को सही दामों में टमाटर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी सुफल बांग्ला टमाटर 115 रुपए किलो बेच रही है। हालांकि सीएम की इस घोषणा के बाद राहत की थोड़ी उम्मीद जगी है।