Twitter Blue Tick: एलॉन मस्क (Elon Musk) ने बुधवार को ऐलान किया कि अब ट्विटर (Twitter) यूजर्स को वैरिफिकेशन और ब्लू टिक (Blue Tick) के लिए हर महीने 8 डॉलर यानी करीब 660 रुपए देने होंगे। मस्क के इस फैसले का कई लोगों ने विरोध किया है। इसी कड़ी में टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा (Martina Navratilova) ने कहा कि उन्होंने ट्विटर पर वैरिफिरेशन का ब्लू टिक नहीं मांगा था।
मार्टिना नवरातिलोवा ने ट्विटर पर मस्क के ब्लू टिक की फीस वाले ट्वीट का जवाब देते हुए कहा, "मैंने ब्लू चेक मार्क के लिए नहीं कहा था। यह सिर्फ एक दिन दिखा, इसलिए इसे लेने के लिए स्वतंत्र महसूस करें। मेरे फॉलोअर्स मेरे अकाउंट को पहचानते हैं।"
एक ट्विटर यूजर ने उनसे पूछा कि क्या ब्लू टिक खोने से उन्हें परेशानी होगी? इस पर नवरातिलोवा ने कहा, "ब्लू टिक के लिए पेमेंट करने से मुझे परेशानी होगी। इसलिए मुझे इसकी जरूरत नहीं है।" नवरातिलोवा के 4.19 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के प्रमुख ने तर्क दिया कि ब्लू टिक के लिए यूजर्स से चार्ज लेने की योजना कंपनी के लिए रेवेन्यू का एक नया रास्ता बनाएगी। साथ ही प्लेटफॉर्म के बॉट्स और ट्रोल के मुद्दे को भी हल करेगी।
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलॉन मस्क ने 44 बिलियन डॉलर की विवादित डील में सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया।
उन्होंने भारतीय मूल के CEO पराग अग्रवाल और लीगल एग्जीक्यूटिव विजया गड्डे समेत कंपनी के चार शीर्ष अधिकारियों को भी निकाल दिया।
ब्लू टिक के लिए यूजर्स से चार्ज लेने के अपने फैसले के लिए मस्क को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। लेखक स्टीफन किंग, जिनके प्लेटफॉर्म पर लगभग 70 लाख फॉलोअर्स हैं, उन्होंने भी इस फैसले की आलोचना की है।
उन्होंने ट्वीट किया, "ब्लू टिक के लिए 20 डॉलर प्रति माह? बकवास, उल्टा उन्हें मुझे पेमेंट करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि अगर मस्क इस फैसले को लागू करते हैं, तो मैं ये प्लेटफॉर्म छोड़ दूंगा।
मस्क ने किंग को ब्लू टिक के लिए यूजर्स से चार्ज लेने के अपने कदम को सही ठहराते हुए इसपर सफाई भी दी है। उन्होंने कहा, "हमें किसी तरह बिल पेमेंट करना होगा! ट्विटर पूरी तरह से एडवरटाइजर पर भरोसा नहीं कर सकता। इसके लिए 8 डॉलर कैसा रहेगा?"