दिवाली का सीजन है और ऐसे में घर-घर में मिठाई और पकवान बनेंगे। त्योहारों के इस सीजन में दूध और उससे बने प्रोडक्ट, जैसे पनीर, खोया, मक्खन और क्रीम आदि की बिक्री काफी बढ़ जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जो पनीर या खोया आप बाजार से खरीद रहे हैं, वो असली है या नकली? इसकी जांच के लिए सरकारी विभाग भी इन दिनों बड़ी ही मुस्तैदी से जमीन पर जुटा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मिलावीट पनीर बनाने वाली एक कंपनी का भंडा फोड़ हुआ है।
बुलंदशहर में मिलावटी पनीर बनाने वाले प्लांट पर छापा मारा गाया। मौके से 735 Kg मिलावटी पनीर और केमिकल वाला 4000 लीटर दूध जब्त किया गया और उसे नष्ट कराया गया है। बुलंदशहर के जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के भुन्ना जाटान गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर बनाने वाले प्लांट पर छापेमारी कार्रवाई की।
प्लांट से भाग खड़े हुए लोग
जैसे ही फूड सेफ्टी विभाग की टीम कारखाने पर पहुंची, तो उसे देखकर मौके से लोगों ने भागना शुरू कर दिया। मौके पर भारी मात्रा में केमिकल से बना हुआ दूध मिला, जिससे मिलावटी पनीर बनाया जाता था।
खाद्य विभाग की छापेमारी की जानकारी पर खुर्जा SDM भी मौके पर पहुंचे। खुर्जा एसडीएम और फूड सेफ्टी कमिश्नर ने बताया कि लगातार यहां से मिलावटी पनीर बनाने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद आज मौके पर छापामार कार्रवाई की गई है। पनीर बनाने के प्लांट पर केमिकल वाला दूध बनाने के लिए मौके से इंडस्ट्रियल केमिकल भी बरामद किए गए हैं।
नोएडा में सप्लाई होता था नकली पनीर
वहीं सोया को मिलाकर भी पनीर बनाया जा रहा था। SDM और फूड सेफ्टी कमिश्नर का मानना है कि यहां बनाए जाने वाला पनीर स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनीत ने बताया कि यहां पर मिलावटी पनीर बनाया जाता था। रोजाना लगभग 400 किलो पनीर की सप्लाई आसपास के नोएडा इलाके में होती है। यह पनीर केमिकल से बनाया हुआ और आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।