सितंबर के महीने में मौसम विदाई का समय शुरू होने लगता है। इस बीच देश के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश भारी बारिश की मार झेल रहा है। सूबे के कई जिले बाढ़ का सामना कर रहे हैं। भीषण बारिश की वजह से 9 लोगों की मौत हो गई है। कई जिलों में कक्षा 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। पानी का दबाव बढ़ने से सोनभद्र के रिहंद बांध के 7 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं मिर्जापुर के अदवा बैराज के 5 गेट खोलने पड़े हैं। एटा में 8 फीट का मगरमच्छ नदी से निकल कर सड़क पर घूमता नजर आया।
मौसम विभाग ने आज 28 जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 8 जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। मैनपुरी, हाथरस, आगरा, अलीगढ़ और फिरोजाबाद में आज 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के 450 गांवों में बाढ़
उत्तर प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना, घाघरा, शारदा, सरयू नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। 21 जिलों के करीब 450 गांवों में बाढ़ आई है। आगरा में बुधवार को इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर 2 फीट पानी भर गया। झांसी में बारिश से मकान गिर गया। मलबे में दबने से किसान की मौत हो गई। बृजमंडल में 16 घंटे तक बारिश हुई। कानपुर नगर में 120.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश की वजह से धान, मिर्च और बाजरे की खेती को तगड़ा नुकसान हुआ है। राज्य के कई जिलों में आज (19 सितंबर 2024) भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। आज सुबह से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का ये भी कहना है कि इस पूरे हफ्ते दिल्ली-नोएडा एनसीआर समेत पश्चिम यूपी और पूर्वी यूपी में बारिश होगी।
फिरोजाबाद में टूटा बारिश का रिकॉर्ड
फिरोजाबाद में जोरदार बारिश हुई। दुकानों और घरों में पानी घुस गया। सड़कों में 2 फीट पानी भर गया। कई मकान गिर पड़े। बारिश से 25 सालों का रिकॉर्ड टूट गया। जगह-जगह फाल्ट होने से कई घंटे बिजली नहीं आई। कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
28 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के 28 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर जिले शामिल हैं।