भारत की सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस इस समय भारतीय रेल की शान है। लेकिन यह ट्रेन देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रास्ता भटक गई। इसके बाद ट्रेन के भीतर यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। ट्रेन के रास्ता भटकने की खबर जैसे ही रेलवे के आला अफसरों को पता चला तो उनके भी हाथ-पांव फूल गए। रेलवे अधिकारियों के फोन की घंटियां ही बज रहीं थी। करीब 90 मिनट बाद ट्रेन को सही ट्रैक पर लाया जा सका। दरअसल, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से मडगांव (गोवा) के लिए ट्रेन सुबह रवाना हुई थी।
इसके बाद ट्रेन जैसे ही दिवा जंक्शन पहुंची तो यहां से कोंकण रूट गोवा के लिए ट्रेन को रवाना होना था। लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से वंदे भारत ट्रेन गोवा के बजाय कल्याण की ओर मुड़ गई। इसके बाद ट्रेन को आगे जाने दिया गया। ट्रेन को कल्याण में रोका गया। फिर इसे वापस दिवा जंक्शन लाया गया।
सिग्नल में आई तकनीकी खराबी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेन को कोंकण जाने वाली ट्रेनों के लिए तय रूट दिवा-पनवेल पर जाना था। लेकिन यह ट्रेन सुबह 6.10 बजे दिवा स्टेशन से आगे कल्याण की ओर मुड़ गई थी। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला का कहना है कि यह गड़बड़ी सिग्नल की खामी की वजह से हुई है। दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच बिंदु संख्या 103 पर सिग्नलिंग और टेलीकॉम सिस्टम में कोई तकनीकी गड़बड़ी हुई थी। उन्होंने बताया कि मुंबई उपनगरीय स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली पर ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं। इस गड़बड़ी के कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से 90 मिनट लेट गोवा पहुंची।
हफ्ते में 6 दिन चलती है वंदे भारत एक्सप्रेस
सीएसएमटी-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को जून 2023 में शुरू किया गया था। यह ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 5:25 बजे रवाना होती है और दोपहर 1:10 बजे गोवा के मडगांव पहुंचती है। सोमवार को रास्ता भटकने के कारण यह करीब 2:40 बजे मडगांव पहुंची। मुंबई-गोवा (मडगांव) वंदे भारत एक्सप्रेस हफ्ते में 6 दिन चलती है- सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार। यह अपनी यात्रा के दौरान दादर, ठाणे, पनवेल, खेड़, रत्नागिरी, कंकावली और थिविम में रुकती है।