मध्य प्रदेश से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Kidnapping in Gwalior) में दिनदहाड़े एक युवती को दो मोटर साइकिल सवार बदमाश अगवा कर ले गए। पूरा मामला CCTV कैमरे में कैद हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। न्यूज 18 के मुताबिक, घटना सोमवार (20 नवंबर) सुबह करीब 8:50 बजे की है, जब दिनदहाड़े एक पेट्रोल पंप से दो नकाबपोश बदमाशों ने 19 वर्षीय छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वायरल क्लिप में दो अज्ञात नकाबपोश युवकों को युवती को जबरन उठाकर दोपहिया वाहन पर ले जाते हुए देखा जा सकता है। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान वहां पास में मौजूद लोग चुपचाप किडनैपिंग की घटना को देख रहे हैं। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, वह मध्य प्रदेश के भिंड जिले की रहने वाली है। सोमवार सुबह करीब 8:50 बजे बस से उतरने के कुछ ही मिनट बाद उसका अपहरण कर लिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार के सदस्यों के साथ दिवाली मनाने के लिए भिंड गई थी। वह पेट्रोल पंप पर अपने भाई का इंतजार कर रही थी। न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, दतिया के बरा गांव की रहने वाली 19 वर्षीय प्राची बस से अपने भाई के साथ ग्वालियर गई थी। इसी दौरान युवती जैसे ही झांसी रोड थाना क्षेत्र में बस से उतरी, तभी उसे मोटर साइकिल सवार दो युवकों ने अगवा कर लिया।
सभी के सामने युवती को लेकर चले गए बदमाश
दोनों युवको में से एक मोटरसाइकिल पर बैठा रहा। जबकि दूसरा उतरा और उसने युवती को जबरिया पकड़कर अपने साथ मोटर साइकिल पर बिठा लिया और वहां से फरार हो गया। घटना के दौरान मौके पर कई लोग मौजूद थे। लेकिन कोई भी युवती को बचाने के लिए आगे नहीं आया। दरअसल, कोई कुछ समझ पाता तब तक दोनों युवक छात्रा को लेकर चले गए।
झांसी रोड पुलिस का कहना है कि युवती का अपहरण करने वाले युवकों में से एक उसका पुराना दोस्त है जो पिछले दिनों उसके घर में भी घुस गया था। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी पेट्रोल पंप के पास का है।
SP क्राइम ऋषिकेश मीना ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "मामले की जांच के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। हमारा ध्यान लड़की का पता लगाना और उसे बचाना है। लड़की के परिवार के अनुसार, उसकी उम्र 19 साल है।" NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता 19 वर्षीय BA की छात्रा है।