Russia-Ukraine War: क्या पुतिन जेलेंस्की की जगह विक्टर यानुकोविच को घोषित करेंगे यूक्रेन का नया राष्ट्रपति? यूक्रेनी मीडिया का दावा

रिपोर्ट में यूक्रेनी खुफिया का हवाला देते हुए कहा गया है कि रूस विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का राष्ट्रपति घोषित करने की कोशिश कर सकता है

अपडेटेड Mar 02, 2022 पर 7:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हालांकि रूस की तरफ से विक्टर यानुकोविच की दावेदारी को लेकर अभी तक कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है

Russia Ukraine war: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के निर्वासित पूर्व राष्ट्रपति विक्टर फेडोरोविच यानुकोविच (Viktor Fedorovych Yanukovych Next President of Ukraine) को वोलोडिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) की जगह यूक्रेन का अगला राष्ट्रपति घोषित किया जा सकता है।

कीव इंडिपेंडेंट (Kyiv Independent) ने एक ऑनलाइन समाचार पत्र उक्रेइंस्का प्रावदा की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) यूक्रेनी राजनेता विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का नया राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक यानुकोविच इस वक्त बेलारूस की राजधानी मिन्स्क (Minsk) में हैं। वह साल 2014 में हुए तख्तापलट के बाद से ही वहां निर्वासन की जिंदगी जी रहे हैं। यूरोमैदान क्रांति के दौरान उनकी सरकार को उखाड़ फेंक दिया गया था और उनके बाद विक्टर यानुकोविच 2014 में रूस भाग गए थे।


रिपोर्ट में यूक्रेनी खुफिया का हवाला देते हुए कहा गया है कि रूस विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का राष्ट्रपति घोषित करने की कोशिश कर सकता है। यह यूक्रेन में एक कठपुतली सरकार स्थापित करने का व्लादिमीर पुतिन का तरीका हो सकता है, क्योंकि वे कीव को अपने कब्जे में लेने और वलोडिमिर जेलेंस्की सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश में लगे हुए हैं।

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine Conflict: प्रतिबंधों का रूस की ऑयल इंडस्ट्री पर कितना असर पड़ेगा?

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि रूस यानुकोविच की यूक्रेन में वापसी के लिए जल्द ही बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर सकता है। हालांकि, रूस की तरफ से विक्टर यानुकोविच की दावेदारी को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

विक्टर यानुकोविच एक यूक्रेनी राजनेता हैं जिन्होंने 2010 में यूक्रेन के चौथे राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। वह 2010 से फरवरी 2014 तक यूक्रेन के राष्ट्रपति रहे। यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पों के बाद उनकी सरकार को उखाड़ फेंक दिया गया था।

उस आंदोलन को मैदान क्रांति के रूप में जाना जाता है। यह विरोध-प्रदर्शन नवंबर 2013 में बड़े पैमाने पर हुआ था जिसके कारण अंततः उन्हें पद से हटा दिया गया। इसके बाद वह रूस भाग गए और तब से पुतिन के संरक्षण में है।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन के तत्कालिन राष्ट्रपति जेलेंस्की के धुर विरोधी माने जाते हैं। यूक्रेनी मीडिया का दावा है कि यानुकोविच को यूक्रेन का नया राष्ट्रपति घोषित कर पुतिन बड़ा दाव खेल सकते हैं। वह विक्टर फेडोरोविच यानुकोविच को यूक्रेन का राष्ट्रपति बनाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।