VIDEO: नोएडा के रेस्टोरेंट में 970 रुपये के सर्विस चार्ज को लेकर ग्राहकों और स्टाफ के बीच मारपीट, 5 गिरफ्तार

VIDEO: नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के एक मॉल में स्थित रेस्तरां में पार्टी करने आईं महिला वकील और होटल कर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-51 के B-ब्लॉक में रहने वाली एक महिला वकील अपनी होने वाली बहू का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार सहित सेक्टर-75 स्थित मॉल में 'फ्लोट बाय ड्यूटी फ्री' नामक रेस्तरां में आई थीं

अपडेटेड Jun 20, 2023 पर 1:53 PM
महिला वकील का कहना है कि एक ऐप के माध्यम से उन्होंने 50 प्रतिशत छूट पर खाने का ऑर्डर बुक किया था

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा (Noida) के सेक्टर-75 में स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल में रविवार शाम एक परिवार के सदस्यों और रेस्टोरेंट के बाउंसरों के बीच सर्विस चार्ज को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट एवं धक्का-मुक्की भी हुई। DCP (नोएडा) हरीश चंदर ने कहा कि यह घटना रविवार रात सेक्टर- 113 पुलिस थाना क्षेत्र के सेक्टर 75 में मौजूद स्पेक्ट्रम शॉपिंग मॉल में स्थित रेस्तरां में हुई। अधिकारी ने बताया कि रेस्तरां में पार्टी करने आईं महिला वकील और होटल कर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने पीटीआई को बताया कि सेक्टर-51 के B-ब्लॉक में रहने वाली एक महिला वकील अपनी होने वाली बहू का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार सहित सेक्टर-75 स्थित मॉल में 'फ्लोट बाय ड्यूटी फ्री' नामक रेस्तरां में आई थीं।

महिला वकील का कहना है कि एक ऐप के माध्यम से उन्होंने 50 प्रतिशत छूट पर खाने का ऑर्डर बुक किया था। उनका आरोप है कि होटल के कर्मचारी उनसे 'सर्विस चार्ज' के रूप में 970 रुपये की मांग कर रहे थे।


इस पर, उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि आप 'सर्विस चार्ज' ग्राहक की बिना मर्जी के नहीं ले सकते, तो होटल कर्मियों ने उनके तथा उनके परिवार के लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। महिला वकील का आरोप है कि होटल कर्मियों ने उनके घर की महिलाओं के साथ अश्लील हरकत भी की।

थाना प्रभारी ने बताया कि होटल मैनेजमेंट ने भी महिला वकील और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ मारपीट करने, अश्लील हरकत करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है। मैनेजमेंट का आरोप है कि पार्टी करने आए लोगों ने होटल कर्मचारियों और वहां मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट कर अश्लील हरकत की।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन रेस्तरां कर्मचारी और ग्राहक समूह के दो सदस्य शामिल हैं। दोनों पक्षों ने जवाबी शिकायतें दर्ज कीं, जिसके कारण पुलिस ने उन पर दंगा और हमले का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज की।

ये भी पढ़ें- IndiGo ने Airbus को दिया 500 विमानों का ऑर्डर, एविएशन हिस्ट्री में अब तक की सबसे बड़ी डील!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।