देश में मौसम की विदाई का समय आ गया है। इस बीच मानसून कई इलाकों में फिर से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की आशंका जताई है। पुणे और रायगढ़ जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मुंबई, ठाणे और नासिक में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में सोमवार से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। मुंबई में बारिश की वजह से कई जगह पानी भर गया है। जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई के साथ-साथ ठाणे में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं भी चलने की आशंका जताई गई है। इससे मुंबईकरो को फिर से परेशानी हो सकती है। मौसम विदाई के समय तेज हवाओं और अचानक बारिश से बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। इससे लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
रायगढ़ और पुणे में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रायगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की वजह से मौसम विभाग ने बाढ़ और लैंडस्लाइड की आशंका जताई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही बेहद जरूरी काम होने पर बाहर जाने की सलाह दी है। लोगों को घरों पर रहने की सलाह दी गई है। महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसमें रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर जिले शामिल हैं। पुणे में 24 घंटे तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। शहर के आसपास के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इससे नदियों और जलाशयों के जल स्तर में इजाफा हो सकता है।
मौसम विभाग ने पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ समेत अन्य इलाकों में 2 से 3 दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई है। सोमवार शाम को, पुणे में गरज के साथ बारिश हुई। बिजली गिरी और तेज हवाएं काफी देर तक चलती रहीं। पुणे के अलावा नासिक और अहमदनगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र में 26 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने आज (25 सितंबर) ज्यादा बारिश की आशंका जताई है। इस बीच, मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में भी अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। गुजरात और राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू हो गई है, लेकिन महाराष्ट्र में यह एक्टिव बना हुआ है।