Weather Update: देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कोहरा और शीतलहर लोगों की परेशानियों का सबब बन रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश में आज यानी रविवार (31 दिसंबर) को घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं रविवार से लेकर कल नए साल तक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया 1 जनवरी तक राजधानी दिल्ली एनसीआर समेत कई राज्य घने कोहरे की चादर में लिपटे रहेंगे। देश के नॉर्थ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
पंजाब के कई इलाकों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 4 जनवरी तक घना कोहरा रहने का अनुमान है। पंजाब से यूपी तक शीतलहर भी असर दिखा रही है। दिल्ली-NCR में 1 से 5 जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में शनिवार को कोहरे के चलते 53 ट्रेनें प्रभावित हुई। इतना ही नहीं 20 से अधिक फ्लाइट्स ने देरी से उड़ान भरी।
दिल्ली में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में आज 31 दिसंबर की शाम से घने कोहरे की शुरुआत होगी जो और 1 जनवरी की सुबह तक रहेगा। इसकी वजह से विजिबिलिटी कम हो जाएगी जिसके कारण यातायात पर असर पड़ेगा। पूरे उत्तर भारत में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। इसकी वजह से लोगों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड भी पड़ रही है। कई जगह विजिबिलिटी जीरो हो गई है। एक तरफ दिल्ली में प्रदूषण की वजह से धुंध छाई हुई है। वहीं दूसरी तरफ कड़ाके की ठंड और कोहरे की मार झेलने के लिए लोग मजबूर हैं।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु, दक्षिणी केरल, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार के दक्षिणी द्वीपों और पूर्वोत्तर भारत में एक या दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। वेस्टर्न हिमालय, झारखंड के कुछ इलाकों, ओडिशा और नॉर्थ ईस्ट में घना कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7-10°C दर्ज किया गया। दिल्ली, दक्षिण राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में यह 10-12°C दर्ज किया गया।