Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्यों में लोग चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी से बेहाल हैं। सुबह से ही सूरज की तपिश का प्रकोप शुरू हो जाता है। दिन के समय घर से बाहर निकलने वालों को मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। हालांकि, इसके बाद एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की वजह से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है। देश के अलग-अलग राज्यों में कहीं भीषण गर्मी तो कहीं हल्की बारिश तो कहीं बर्फबारी का दौर जारी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (21 अप्रैल 2024) पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुल जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी होने के आसार हैं।
दिल्ली में 21 अप्रैल को दिन के समय हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 22 अप्रैल को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद राजधानी का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य माना जा रहा। न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में आर्द्रता का स्तर 34 फीसदी से 60 फीसदी के बीच रहा।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में चिलचिलाती धूप और तेज हवा के साथ भीषण गर्मी का कहर जारी है। लखनऊ समेत अन्य इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। शुक्रवार को राजधानी में दिन का तापमान पहली बार 41 डिग्री तक पहुंच गया। शनिवार को भी यही स्थिति रही। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिलसिला 25 अप्रैल तक रहेगा। रविवार को लू और हीट वेव की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत 15 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।