Weather Update: देश के कई राज्यों में मौमस का मिजा बदल गया है। दिल्ली-नोएडा में हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने 4 फरवरी और 5 फरवरी को उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में धूप भी रहेगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी के चलते कई सड़कें बंद हो गई हैं।
मौसम विभाग ने पूरे हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए बर्फबारी होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में 5 और 6 फरवरी को सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।
राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली में आज 4 फरवरी को तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद दिल्ली में 8 फरवरी तक आसमान साफ रहने के साथ मध्यम कोहरा रह सकता है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 35 किलोमीटर प्रतिघंटे तक रह सकती है। इससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदूषण की बात करें तो एक दिन बाद प्रदूषण फिर तेज हवाओं व नमी थोड़ी कम होने की वजह से सामान्य स्तर पर आ गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Central Pollution Control Board - CPCB) के एयर बुलेटिन के अनुसार शनिवार को राजधानी का एक्यूआई 200 रहा। एक जगह पर प्रदूषण संतोषजनक स्तर पर रहा।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार को कुछ देर के लिए बर्फबारी हुई। बर्फबारी की वजह से शिमला में सबसे अधिक 161 सड़कें, लाहौल और स्पीति में 153, कुल्लू में 71 और चंबा जिले में 58 सड़कें बंद हैं। उत्तराखंड में रविवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंहनगर में ओलावृष्टि और बारिश हो सकती है।