Weather Update: दक्षिण पश्चिम मानसून 31 मई तक पहुंचेगा केरल, UP में 18-25 जून तक पहुंचने के आसार

Monsoon Update: देश में बारिश का मौसम जल्द ही शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई तक केरल पहुंच जाएगा। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र का कहना है कि यह जल्दी नहीं है। यह सामान्य तारीख के करीब है। केरल में आमतौर पर 1 जून को मानसून पहुंच जाता है

अपडेटेड May 16, 2024 पर 10:09 AM
Monsoon Update: 19 मई को मानसून के अंडमान निकोबार में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ेगा।

देश के कई इलाकों में इन दिनों चिलचिलाती गर्मी और लू का कहर जारी है। लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। इस बीच एक खुशखबरी सामने आई है। इसचिलचिलाती गर्मी से लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है। मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने अनुमान जताया है कि दक्षिण पश्चिम मानसून केरल में 31 पहुंच जाएगा। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 मई को मानसून के अंडमान निकोबार में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद मानसून देश के अन्य हिस्सों की तरफ धीरे-धीरे बढ़ेगा। मानसून आमतौर पर उत्तर की ओर बढ़ता है और 15 जुलाई तक देश के बड़े हिस्सों में पहुंच जाता है।

घोषित तारीख में 4 दिन कम या ज्यादा होने की गुंजाइश रखी गई है। यानी मानसून 28 मई से 3 जून के बीच कभी भी आ सकता है। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि यह जल्दी नहीं है। यह सामान्य तारीख के करीब है। केरल में आमतौर पर मानसून 1 जून को आता है।

पिछले साल 8 जून को पहुंचा था मानसून


मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में अंडमान सागर और द्वीप समूह पर मानसून के दो दिन पहले यानी 19 मई को ही पहुंच सकता है। जबकि वहां दस्तक देने की सामान्य तारीख 21 मई है। पिछले साल भी मानसून ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई को ही दस्तक दी थी। लेकिन केरल में 9 दिन देरी से 8 जून को पहुंचा था। IMD के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 150 साल में मानसून के केरल पहुंचने की तारीखें काफी अलग रही हैं। 1918 में मानसून सबसे पहले 11 मई को केरल पहुंच गया था। जबकि 1972 में सबसे देरी से 18 जून को केरल पहुंचा था। पिछले 4 साल की बात करें तो 2020 में मानसून 1 जून को, 2021 में 3 जून को, 2022 में 29 मई को और 2023 में 8 जून को केरल पहुंचा था।

आपके राज्य में कब पहुंचेगा मानसून?

मौसम विभाग के मुताबिक, केरल में 1 से 3 जून, तमिलनाडु में 1 से 5 जून, आंध्र प्रदेश में 4 से 11 जून, कर्नाटक में 3 से 8 जून, बिहार में 13 से 18 जून, झारखंड में 13 से 17 जून, पश्चिम बंगाल में 7 से 13 जून, छत्तीसगढ़ में 13 से 17 जून, गुजरात में 19 से 30 जून, महाराष्ट्र में 9 से 16 जून, गोवा में 5 जून, ओडिशा में 11 से 16 जून, उत्तर प्रदेश में 18 से 25 जून, उत्तराखंड में 20 से 28 जून, हिमाचल प्रदेश में 22 जून, दिल्ली मे 27 जून, पंजाब में 26 जून से 1 जुलाई, हरियाणा में 27 जून से 3 जुलाई, चंडीगढ़ में 28 जून और राजस्थान में 25 जून से 6 जुलाई के बीच मानसून दस्तक दे सकता है।

कल से लू का प्रकोप हो सकता है शुरू

मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि 16 मई से उत्तर भारत पश्चिम में और 18 मई से पूर्वी इलाकों में हीटवेव की स्थिति देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही 20 मई तक दक्षिण प्रायद्वीप भारत में बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 16 से 19 मई तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 16 मई को कर्नाटक, 18 मई को तमिलनाडु और 19 मई को केरल में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

Heatwave Alert: मुंबई-ठाणे में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट, आंधी-तूफान की आशंका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।