Weather Update: फिर से लौट आई ठंड, दिल्ली में बारिश, UP में ओले गिरने की आशंका, जानिए अपने शहर में मौसम का हाल

Weather Update: देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, देश के पहाड़ी राज्यों में 3 से 4 मार्च तक बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने की आशंका जताई है

अपडेटेड Mar 03, 2024 पर 8:58 AM
Story continues below Advertisement
Weather Update: दिल्ली-नोएडा के कई इलाकों में रात भर हल्की बारिश हुई है। इससे ठंड बढ़ गई है।

Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य मार्च के महीने में बारिश की मार झेल रहे हैं। 2 मार्च से ही उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। आज (3 मार्च 2024) को भी बारिश और ओले गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 3 मार्च को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं देश के पहाड़ी राज्यों में 3-4 मार्च तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है। इस चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर पश्चिमी अरब सागर तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है।

इसके अलावा उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर असम पर है। वहीं 5 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र की ओर आ सकता है।

जानिए राजधानी दिल्ली में मौसम का हाल


राजधानी दिल्ली वीकेंड पर सुबह की शुरुआत बौछारों से हुई, जो अब तक जारी है। दोपहर में बादलों के बीच हल्की धूप निकली। वहीं दोपहर बाद एक बार फिर राजधानी बादलों से ढक गई। वहीं आज भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। रातभर बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पूरा दिन मौसम का यही रवैया रहेगा, बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी जारी रहेगी। इसके बाद आगे मौसम लंबे समय तक शुष्क हो जाएगा। पहाड़ों से बर्फबारी के बाद आ रही ठंडी हवाएं अगले दो से तीन दिन तापमान को बढ़ने से रोकेंगी। 7 मार्च के आसपास तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। 10 मार्च तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि इस पूरे हफ्ते दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का कहर देखने को मिल रहा है। यहां तेज बारिश हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने रविवार को कई इलाकों में ओले पड़ने की चेतावनी जारी की है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक सहारनपुर, बिजनौर, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, महामायानगर, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, जालौन, मैनपुरी, औरैया, हमीरपुर, महोबा, खैरी, सीतापुर, बहराईच और हरदोई में ओले गिरने और बारिश की आशंका जताई गई है।

देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल

स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों तक जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद इसकी तीव्रता कम हो जाएगी। बता दें कि पिछले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा और नॉर्थ राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले गिरे। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और वेस्टर्न यूपी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। गरज के साथ बौछारें पड़ीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।